विधानसभा चुनाव 2024: जानिए बीते पांच विधानसभा चुनावों में हरियाणा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व?

जानिए बीते पांच विधानसभा चुनावों में हरियाणा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व?
  • 2000 में केवल चार महिलाएं जीतीं
  • 2005 में 11 महिला उम्मीदवार जीती और विधायक बनी
  • 2009 में 9 महिलाएं निर्वाचित हुई
  • 2014 में 13 महिलाएं चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची
  • 2019 में 9 महिलाएं जीतकर विधानसभा पहुंची

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव का प्रचार प्रसार जोरों पर है। चुनावी रण में कई प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे है। इसमें महिलाएं भी पीछे नहीं है। हरियाणा विधानसभा में महिला प्रतिनिधित्व की बात की जाए तो ये साल साल बढ़ता जा रहा है। आइए जानते है कि हरियाणा के बीते पांच विधानसभा चुनावों में महिला प्रतिनिधित्व कितना रहा है?

बात मौजूदा विधानसभा चुनाव की कि जाए तो सबसे अधिक कांग्रेस ने 12 महिलाओं को चुनावी रणभूमि में मौका दिया है, इसके बाद बीजेपी और आप ने दस-दस महिलाओं को चुनावी जंग में उतारा है। इसके अलावा कई अन्य महिलाएं निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनावी मैदान में है। हरियाणा चुनाव में सबसे अधिक चर्चित चेहरा महिला पहलवान विनेश फोगाट का हैं। आपको बता दें 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा में एक ही चरण में मतदान होना है। नामांकन दर्ज करने की आखिरी तारीख 12 सितंबर थी जो निकल गई। अब नाम वापस लेने की तारीख 16 सितंबर है। जबकि वोटिंग 5 अक्टूबर को होगी। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

करीब दो दशक पहले यानि 2000 में हरियाणा के नौवीं विधानसभा चुनाव में केवल चार महिलाएं चुनाव जीती थी। चुनावी जंग में कुल 965 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे जिसमें से 5.08% यानी 49 महिलाएं थीं। नौवीं विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी महज 4.44% रही। यानी 90 सीटों में से केवल 4 पर ही महिला उम्मीदवार जीतीं। इसके अगले चुनाव में यानि दसवीं विधानसभा चुनाव 2005 में महिलाओं उम्मीदवारों और महिला विधायकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। 2005 में हुए चुनाव में कुल 983 उम्मीदवारों ने अपनी किस्मत आजमाई जिसमें से 6.10% यानी 60 महिलाएं थीं। वहीं 12.22% यानी 11 महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की और विधानसभा पहुंची।

2009 में 11 वीं विधानसभा के चुनाव में महिला उम्मीदवारों और महिला विधायकों की संख्या में कमी देखी गई। 11 वीं विधानसभा चुनाव में कुल 1222 प्रत्याशी चुनावी रण में उतरे जिसमें से 5.65% यानी 69 महिलाएं थीं। इस चुनाव में 10% यानी 9 महिलाएं ही विधायक के रूप में निर्वाचित हुई। इसके बाद 2014 में 12 वीं विधानसभा चुनाव के महिला कैंडिडेंट और महिला विधायकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई। इस चुनाव में कुल 1351 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे, उसमें से करीब 8.59 फीसदी महिलाएं थी, जिसमें से 14.44 परसेंट यानि 13 महिलाएं चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची। 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में कुल 1169 उम्मीदवार चुनावी रण के मैदान में उतरे थे, जिनमें से 108 यानी 9.24% महिलाएं थीं। इनमें से 10% यानी 9 महिला जीतकर विधानसभा पहुंची।

Created On :   15 Sept 2024 5:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story