झारखंड: गोलीबारी में जख्मी भाजपा नेता ने तोड़ा दम, समर्थक उतरे सड़क पर

- 12 अगस्त को कद्दावर भाजपा नेता और कोयला कारोबारी राजेंद्र साहू पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया था
- राजेंद्र साहू ने रांची के मेडिका हॉस्पिटल में सुबह चार बजे अंतिम सांस ली
- उनकी मौत की खबर फैलते ही लातेहार जिले के बालूमाथ में जन आक्रोश फूट पड़ा है
डिजिटल डेस्क, रांची। 12 अगस्त को बदमाशों की गोलीबारी में जख्मी झारखंड के बालूमाथ निवासी कद्दावर भाजपा नेता और कोयला कारोबारी राजेंद्र साहू की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्होंने रांची के मेडिकल हॉस्पिटल में सुबह चार बजे अंतिम सांस ली।
उनकी मौत की खबर फैलते ही लातेहार जिले के बालूमाथ में जन आक्रोश फूट पड़ा है। सैकड़ों लोग लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतर आए हैं। रांची से चतरा जाने वाली सड़क जाम कर दी गई है। गुस्साए लोगों ने हमले के एक संदिग्ध आरोपी के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी आग के हवाले कर दी है।
राजेंद्र साहू लातेहार जिले के बालूमाथ के रहने वाले थे। 12 अगस्त को अपराधियों ने उनके घर के पास ही उनपर गोलियां बरसाई थीं। उन्हें छाती, बांह और जांघ में गोली लगी थी। उन्हें गंभीर स्थिति में रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी मौत के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। उन्हें गोली मारने वाले अपराधी अब तक पकड़े नहीं गए हैं। हालांकि पुलिस जगह- जगह छापेमारी कर रही है।
इस वारदात के विरोध में रविवार को बालूमाथ बंद रहा। बंद का आमलोगों ने भी समर्थन किया। आज उनकी मौत की खबर फैलते ही उनके समर्थक उग्र हो गए। सड़क पर उतरे लोग पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि राजेंद्र साहू के निधन से मन व्यथित है। निकम्मी हेमंत सरकार की लचर कानून व्यवस्था ने उनकी जान ले ली।
राजेंद्र साहू दुमका जेल में बंद गैंगस्टर अमन साव के निशाने पर थे। उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके पहले भी 2021 में उनपर हमला हुआ था। पिछले दिनों जेल में बंद अमन साव ने पुलिस पूछताछ में कहा था कि राजेंद्र साहू उसके निशाने पर है। जब भी मौका मिलेगा, वह उनकी हत्या करवा देगा।
राजेंद्र साहू की राधा कंपनी मगध कोयलरी से कोयले का कारोबार करती है। राजेंद्र से पूर्व में भी रंगदारी मांगी गई थी। राजेंद्र साहू चतरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद का चुनाव लड़ चुके हैं। वह लातेहार जिला परिषद के उपाध्यक्ष भी रह चुके थे।
(आईएएनएस)
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Aug 2023 9:51 AM IST