Haryana Municipal Corporation Elections: बीजेपी ने जारी की मेयर चुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें किसे कहां से दिया मौका

बीजेपी ने जारी की मेयर चुनाव के उम्मीदवारों की लिस्ट, जानें किसे कहां से दिया मौका
  • हरियाणा में नगर निकाय को लेकर सभी पार्टियों ने तेज की तैयारियां
  • बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की सूची
  • प्रवीन जोशी को फरीदाबाद से मिला टिकट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा में होने वाले नगर निगम चुनाव 2025 के लिए मेयर पद के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट भाजपा ने जारी कर दी है। पहली लिस्ट में भाजपा ने अपने 9 उम्मीदवार के नामों का ऐलान किया है। भाजपा ने गुरुग्राम से राजरानी मल्होत्रा और फरीदाबाद से प्रवीन जोशी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

इस संबंध में हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने नोटिफिकेशन जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से विचार-विमर्श कर प्रदेश चुनाव समिति ने हरियाणा में होने वाले नगर निगम चुनाव-2025 के लिए मेयर पद हेतु निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है।

फरीदाबाद से प्रवीन जोशी बनाए गए उम्मीदवार

फरीदाबाद से हरियाणा बाल कल्याण आयोग की चेयरमैन प्रवीन जोशी, हिसार से प्रवीन पोपली को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, सोनीपत से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के मीडिया सलाहकार रहे राजीव जैन को टिकट दिया गया है।

करनाल से रेणुबाला गुप्ता को मिला मौका

करनाल से रेणुबाला गुप्ता, पानीपत से कोमल सैनी, रोहतक से राम अवतार बाल्मीकि, यमुनानगर से सुमन बहमनी, अंबाला से सैलजा सचदेवा, गुरुग्राम से राजरानी मल्होत्रा को चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि बीते साल हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया था। भाजपा ने 90 विधानसभा सीटों में से 48 सीट पर जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी। इसके अलावा, कांग्रेस के खाते में 37 सीटें मिली थी। वहीं, इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) को 2 और अन्य के खाते में 3 सीटें आई थी।

वहीं कांग्रेस ने भी नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। सिरसा से पार्टी सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस अपने चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी द्वारा अच्छे कैंडिडेट्स उतारे जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि हमारे कार्यकर्ता मेहनत करके पार्टी को विजय दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि जनता कांग्रेस को सेवा करने का एक मौका जरुर देगी।

Created On :   15 Feb 2025 1:57 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story