दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: BJP के पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का AAP पर तीखा हमला, कहा - दिल्ली की जनता ने केजरीवाल की विदाई का बैंड-बाजा बजा दिया

BJP के पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का AAP पर तीखा हमला, कहा -  दिल्ली की जनता ने केजरीवाल की विदाई का बैंड-बाजा बजा दिया
  • दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव
  • राज्य में आप और भाजपा के बीच तीखी नोंकझोंक
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने एडीआर रिपोर्ट में आप के सबसे ज्यादा दागी प्रत्याशियों को चुनाव में उतारने के खुलासे पर तंज कसा। उन्होंनोे कहा कि उनकी पार्टी ही दागियों की पार्टी है।

एडीआर रिपोर्ट को लेकर केजरीवाल पर हमला

एडीआर रिपोर्ट में दिल्ली चुनाव में सबसे ज्यादा दागी प्रत्याशी 'आप' के होने के खुलासे पर भाजपा नेता ने कहा, "उनकी पार्टी ही दागियों की पार्टी है। अगर उनकी पार्टी में दागियों की गिनती की जाएगी, तो हर दूसरा व्यक्ति दागी दिखाई पड़ेगा। लेकिन, जब उन पर दागी होने के आरोप लगते हैं, तो वो खुद को दागी नहीं, बागी बताते हैं।"

दिल्ली चुनाव में विपक्षी 'इंडिया' अलायंस में फूट और आम आदमी पार्टी के लिए तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के चुनाव प्रचार करने पर भी मुख्तार अब्बास नकवी ने निशाना साधा।

आम आदमी पार्टी पर जनता को गुमराह करने का आरोप

उन्होंने कहा, "जुगाड़ का जमघट, जनादेश के पनघट से पहले ही चारों खाने चित्त दिखाई दे रहा है। उनकी कोशिश थी कि गुनाहों के गटर पर गठबंधन का शटर लगाकर वो अपने सियासी स्वार्थ को सिद्ध करें। इसमें वो सफल नहीं हुए।"

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के हरियाणा पर यमुना के पानी में 'जहर' मिलाने के बयान पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "जहर केजरीवाल के दिमाग में फैल गया है। अभी तक उन्होंने झूठ का झांसा देकर लोगों को गुमराह किया। अब ये झूठ सबको पता चल रहा है। केजरीवाल के झूठ का सफर अब छूमंतर हो रहा है। ऐसे फर्जी बयान देकर वो लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उनको इस बात का एहसास हो गया है कि उनकी विदाई का बैंड-बाजा बज चुका है। दिल्ली की जनता ने उनकी विदाई का बैंड-बाजा बजा दिया है।" उल्लेखनीय है कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 5 फरवरी को मतदान होगा, वहीं इसके नतीजे आठ फरवरी को सामने आएंगे।

Created On :   28 Jan 2025 9:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story