लोकसभा चुनाव 2024: दूसरे चरण में एमपी की छह लोकसभा सीटों पर होंगे चुनाव, जानिए सियासी गणित

दूसरे चरण में एमपी की छह लोकसभा सीटों पर होंगे चुनाव, जानिए सियासी गणित
  • खजुराहो सीट से चुनावी मैदान में हैं बीजेपी नेता वीडी शर्मा
  • दमोह लोकसभा सीट पर लोधी V/S लोधी मुकाबला
  • सतना सीट पर मिश्रा V/S मिश्रा मुकाबला

डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में कुल चार चरणों में वोटिंग होनी है। 19 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा सीट पर हुआ था। अब 26 अप्रैल को दूसरे चरण को छह सीटों पर वोटिंग होगी। इनमें टीकमगढ़, दमोह, सतना, रीवा, खजुराहो और होशंगाबाद सीट शामिल है। राज्य में दूसरे चरण में कुल 1 करोड़ 11 लाख 62 हजार 460 मतदाता हैं। इन 6 सीटों पर 80 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 80 में से 75 पुरुष और 4 महिला के अलावा एक अन्य उम्मीदवार है। दूसरे चरण में एमपी के जिन सीटों पर वोटिंग होनी है, उसमें खजुराहो लोकसभा सीट बीजेपी के लिए वॉकओवर कही जा रही है। यानी इस सीट पर बीजेपी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। आइए जानते हैं कि दूसरे चरण में एमपी में जिन छह सीटों पर वोटिंग होनी है, वहां का सियासी मियाज क्या है? साथ ही, इन सीटों पर किन-किन नेताओं के बीच कड़ी टक्कर है?

खजुराहो

दूसरे चरण में खजुराहो लोकसभा सीट पर बीजेपी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। लंबे समय से यह सीट बीजेपी का गढ़ रहा है। इस बार के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इस सीट से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, इंडी गठबंधन के तहत यह सीट समाजवादी पार्टी को दी गई थी। लेकिन सपा उम्मीदवार मीरा यादव का नामांकन रद्द हो गया। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने यहां पर अब निर्दलीय उम्मीदवार आरबी प्रजापति को अपना समर्थन दिया है। हालांकि, प्रजापति चुनाव में ज्यादा एक्टिव नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अब इस सीट पर बीजेपी को यहां एकतरफा जीत मिलने की उम्मीद है। इस लोकसभा सीट पर लगभग 19.95 लाख मतदाता हैं। जिनमें 10.45 लाख पुरुष और 9.50 लाख महिला वोटर हैं। बता दें कि, एमपी में कांग्रेस ने सपा को केवल खजुराहो सीट दिया था। हालांकि, इस सीट पर सपा को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। खुजराहो की कुल 8 विधानसभा सीटों पर बीजेपी का कब्जा है।

टीकमगढ़

टीकमगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी ने डॉक्टर वीरेंद्र कुमार खटीक को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने पंकज अहिरवार और बीएसपी ने दल्लूराम अहिरवार को टिकट दिया है। कांग्रेस उम्मीदवार पंकज अहिरवार का यह पहला चुनाव है। उनके लिए डॉक्टर वीरेंद्र कुमार को टक्कर देना इतना आसान नहीं होगा। क्योंकि, वीरेंद्र कुमार सात बार सांसद और दो बार केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वीरेंद्र कुमार लगातार आठवीं बार टीकमगढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इस लोकसभा सीट पर लगभग 18.20 लाख वोटर हैं। इनमें 9.55 लाख पुरुष और 8.65 महिला मतदाता हैं। टीकमगढ़ की कुल 8 विधानसभा सीटों पर 5 सीटों पर बीजेपी और 3 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है।

दमोह

दमोह लोकसभा सीट पर 35 वर्षों से बीजेपी राज कर रही है। 1989 के बाद से बीजेपी को कोई भी इस सीट से हटा नहीं पाया है। हालांकि, इस बार के चुनाव में दमोह सीट पर लोधी V/S लोधी मुकाबला होने वाला है। क्योंकि, बीजेपी की तरफ से राहुल लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है तो वहीं कांग्रेस ने तरबर लोधी को टिकट दिया है। राहुल लोधी पहले कांग्रेस में हुआ करते थे। लेकिन अब वह बीजेपी की ओर से बैटिंग कर रहे हैं। इस लोकसभा सीट पर लगभग 19.20 लाख मतदाता हैं। इनमें 10.05 लाख पुरुष और 9.15 लाख महिला मतदाता हैं। दमोह लोस सीट में आठ विधानसभा आते हैं। जिनमें 7 पर बीजेपी और 1 सीट पर कांग्रेस के विधायक हैं।

सतना

सतना लोकसभा सीट में कुल 7 विधानसभा की सीटें आती हैं। इनमें सतना, रामपुर बघेलान, नागौद, रैगांव, चित्रकूट, मैहर, अमरपाटन विधानसभा सीट शामिल है। बीजेपी इस लोकसभा सीट पर पिछले 28 साल से विजयी है। बीजेपी ने यहां से गणेश सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वह सतना से सीट से चार बार के सांसद हैं। हालांकि, पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के दौरान वह सतना विस सीट से सिद्धार्थ कुशवाहा से चुनाव हार गए थे। ऐसे में कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए सिद्धार्थ कुशवाहा पर भी दांव खेला है। वहीं, इस सीट पर बीएसपी ने ब्राह्मण उम्मीदवार नारायण त्रिपाठी को टिकट दिया है। जिससे चलते यहां का मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। इस लोकसभा सीट पर लगभग 17 लाख मतदाता हैं। इनमें 8.90 लाख पुरुष और 8.10 लाख महिला मतदाता हैं। सतना की सात विधानसभा सीटों में से 5 बीजेपी और 2 कांग्रेस पर कब्जा है।

रीवा

रीवा की इस लोकसभा सीट पर बीजेपी ने जनार्दन मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने नीलम मिश्रा को टिकट दिया है। नीलम मिश्रा पहले बीजेपी में थी। लेकिन 2018 में उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की। ऐसे में यहां मुकाबला मिश्रा V/S मिश्रा हो गया है। इस लोकसभा सीट पर लगभग 18.45 लाख वोटर हैं। इनमें 9.63 लाख पुरुष और 8.81 लाख महिला मतदाता हैं। रीवा लोस सीट में 8 सीटें आती हैं। जिनमें 7 बीजेपी और 1 कांग्रेस के पास है।

होशंगाबाद सीट

होशंगाबाद लोकसभा सीट पर बीजेपी ने किसान नेता दर्शन सिंह चौधरी को मैदान में उतारा है। वे पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस की तरफ से संजय शर्मा मैदान में हैं। संजय पहले बीजेपी में थे। लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन की। इस लोकसभा सीट पर लगभग 18.50 लाख वोटर हैं, इनमें 9.55 लाख पुरुष और 8.94 लाख महिला मतदाता हैं। इस सीट की सभी 8 सीटों पर बीजेपी का कब्जा है।

Created On :   25 April 2024 2:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story