Himani Narwal murder case: 'चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली...', सूटकेस में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव मिलने के बाद छलका मां सुनीता का दर्द

चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली..., सूटकेस में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव मिलने के बाद छलका मां सुनीता का दर्द
  • बेटी की शव मिलने के बाद छलका मां सुनीता का दर्द
  • सूटकेस में मिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव
  • कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या पर सियासत गर्म

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा में शनिवार को रोहतक के सांपला बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल (22) का शव मिलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। अब मृतक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की मां सविता ने कहा- चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये (अपराधी) पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं। 28 फरवरी को वह घर पर थी। हमें पुलिस स्टेशन से (घटना के बारे में) फोन आया। मेरी बेटी आशा हुड्डा (भूपिंदर सिंह हुड्डा की पत्नी) के बहुत करीब थी, जब तक उसे न्याय नहीं मिल जाता, मैं उसका अंतिम संस्कार नहीं करूंगी।

10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी- नरवाल की मां

नरवाल की मां सविता ने आगे कहा- हम थोड़े डर में रहते थे। मैं अपने बेटे को यहां से BSF कैंप ले गई। मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। इसलिए, मैं उसे (दूसरे बेटे को) उसकी जान बचाने के लिए BSF कैंप ले गई। चुनाव के बाद, वह पार्टी से थोड़ा निराश हो गई थी। उसने कहा कि उसे नौकरी चाहिए और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी। मैंने सुबह आशा हुड्डा को फोन किया था, लेकिन मेरा फोन रिसीव नहीं हुआ। मृतका के भाई जतिन ने बताया, "उन्होंने राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की थी।"

न्याय मिलेगा- नरवाल की मां सविता

हरियाणा के रोहतक में सूटकेस में कांग्रेस महिला कार्यकर्ता हिमानी नरवाल का शव मिलने पर हिमानी नरवाल की मां सविता ने कहा, "उन्होंने(भूपेंद्र सिंह हुड्डा) मुझे आश्वासन दिया है कि न्याय मिलेगा और 100% न्याय मिलेगा। जब तक दोषियों को पकड़ा नहीं जाएगा हम दाह संस्कार नहीं करेंगे ना ही शव लेंगे। उसके कुछ जेवर जो वो पहनती थी वो नहीं है।"

सूटकेस में मिला शव

कांग्रेस कार्यकर्ता की बॉडी सूट में थी, उनके गले पर काली चुनरी लिपटी हुई थी और हाथों में मेहंदी थी। पुलिस के अनुसार, हिमानी 3 दिन से लापता थी और किसी शादी में गई थी। एसएचओ ने बताया कि नेशनल हाईवे नंबर-9 पर रोहतक से रोहद टोल प्लाजा तक 25 किलोमीटर के इलाके में ही हत्यारों की तलाश में होटल व ढाबों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस हिमानी के मकान से लेकर सांपला बस स्टैंड तक रास्ते में पड़ने वाले सभी सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

कौन थीं हिमानी नरवाल?

हिमानी सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली थीं। वह रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों में शामिल होती थीं। इसके साथ ही वह सामाजिक कार्यक्रमों में हरियाणवी लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति देने के लिए जानी जाती थीं। उन्हें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी देखा गया था।

Created On :   2 March 2025 5:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story