बिहार सियासत: बिहार BJP अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा, चुनाव से पहले राज्य में हलचल तेज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इसी साल विधासभा चुनाव होने हैं। फिलहाल राज्य का सियासी पारा हाई है। इस बीच बिहार के भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बुधवार (26 फरवरी) को राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। जब जायसवाल इस्तीफा देने जा रहे थे तो उन्होंने कहा कि 'एक व्यक्ति एक पद' यही बीजेपी का सिद्धांत रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आज दोपहर 4 बजे कैबिनेट का विस्तार होगा। बजट सत्र से पहले कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। 7 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है।

'एक व्यक्ति एक पद'- दिलीप जायसवाल
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा देने पर कहा कि मैं राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। 'एक व्यक्ति एक पद' बीजेपी का ये सिद्धांत हैं और मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानता हूं कि केंद्रीय नेतृत्व, पूरे बीजेपी का बागडोर और जिम्मेदारी मुझ पर विश्वास रखती है इसलिए मैं आज इस्तीफा दे रहा हूं। मंत्रिमंडल का जो ये विस्तार है वो मुख्यमंत्री का विशेष क्षेत्राधिकार होता है तो वहीं से पता चलेगा। मैं सम्राट चौधरी जी के यहां जा रहा हूं जहां पर बैठक है।
आज होगा कैबिनेट का विस्तार- सूत्र
सूत्रों के मुताबिक, आज कैबिनेट में सात नए मंत्री शामिल होने के लिए शपथ ले सकते हैं। ये सभी विधायक बीजेपी कोटे से ही होंगे। बता दें, कैबिनेट विस्तार में इस बार जातीय समीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। इस बार भारतीय जनता पार्टी जातीय समीकरण साधने की कोशिश में लगी हुई है। क्योंकि इस बार संभावित मंत्रियों में राजपूत, भूमिहार, कुर्मी, कुशवाहा, दलित और वैश्य समाज के चेहरों पर भरोसा जताया जा रहा है।
बीजेपी की तरफ से जिन संभावित नेताओं पर भरोसा जताया गया है वो हैं, कृष्ण कुमार मंटू, संजय सरावगी, विजय मंडल, राजू सिंह, जीवेश मिश्रा, मोतीलाल। इनके अलावा तारकिशोर प्रसाद और कविता पासवान का नाम भी उम्मीदवारों की दौड़ में शामिल है। जिसका आखिरी फैसला बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व की मुहर के साथ होगा।
Created On :   26 Feb 2025 1:07 PM IST