उत्तर प्रदेश सियासत: बीजेपी की राह पर कांग्रेस! 15 जनवरी को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी के साथ हजारों कार्यकर्ता जाएंगे अयोध्या

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के स्थानीय नेताओं द्वारा चलाई गई 'यूपी जोड़ो यात्रा' शनिवार को समाप्त हो गई। इसके बाद राज्य कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ऐलान करते हुए कहा कि वे 15 जनवरी को अयोध्या जाएंगे। इस दौरान उनके साथ हजारों कार्यकर्ता भी अयोध्या धाम जाएंगे। कांग्रेस के ये सभी नेता पहले सरयू में स्नान करेंगे। इसके बाद ये सभी नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ रामलला का आर्शीवाद लेंगे।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, राज्य में कांग्रेस के वर्तमान विधायक, पार्टी के पूर्व सांसद सहित सभी पदाधिकारी भी इस दिन अयोध्या जाएंगे। सूर्य उत्तरायण होते ही कांग्रेस के ये सभी नेता 15 जनवरी को लखनऊ से हनुमानगढ़ी में भी जाएंगे।
यूपी सरकार के सामने कांग्रेस रखेगी मांग
गौरतलब है कि 20 दिसंबर को राज्य के सहारनपुर से शुरू हुई कांग्रेस की 'उत्तर प्रदेश जोड़ो यात्रा' 18वें दिन यानी 6 जनवरी को लखनऊ में समाप्त हुई। इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने सत्ताधारी पार्टी बीजेपी पर जमकर हमला बोला। यात्रा के समापन पर कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि पिछले 18 दिनों से हमने यात्रा के दौरान जनता की कई समस्याओं को सुना है। जिन्हें अब वे योगी सरकार के सामने रखेंगे। साथ ही, वे इसका समाधान निकालने के लिए यूपी सरकार के सामने अपनी मांग भी रखेंगे।
आम चुनाव को लेकर यूपी कांग्रेस ने की चर्चा
अविनाश पांडे ने कहा कि 14 जनवरी को राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की इस यात्रा को वे सभी मिलकर सफल बनाएंगे। वहीं, लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में मौजूद AICC कार्यलय में राज्य के पार्टी नेताओं और पूर्व सांसदों व विधायकों के साथ बैठक की। इस दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजर राय भी मौजूद रहे।
Created On :   7 Jan 2024 12:13 AM IST