हार पर मंथन: हरियाणा चुनाव के नतीजे को गंभीरता से ले रही है कांग्रेस, दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी

हरियाणा चुनाव के नतीजे को गंभीरता से ले रही है कांग्रेस, दिल्ली में लगातार बैठकों का दौर जारी
  • हरियाणा में कांग्रेस की हार पर मंथन जारी
  • हार को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है- पूर्व सीएम गहलोत
  • हमारे कार्यकर्ताओं के मन में आशंकाएं हैं- पूर्व सीएम गहलोत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा विधासनभा चुनाव के नतीजे कांग्रेस की अपेक्षाओं के विपरीत आए हैं। इस बीच हरियाणा में मिली बड़ी हार पर राजस्थान के पूर्व सीएम और हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस के सीनियर पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने कहा कि इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश कह रहा था कि कांग्रेस की जीत होगी। फिर नतीजे विपरीत कैसे आएं? इसे लेकर कार्यकर्ताओं की आशंकाएं हैं।

अशोक गहलोत ने कही बड़ी बात

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में अशोक गहलोत ने कहा, ''इस हार को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है। पूरी मीडिया, एग्जिट पोल और आम जनता सर्वे जान रही थी कि सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। उसके बाद ऐसे क्या कारण रहे हैं कि परिणाम उलटे आ गए हैं। इसे खरगे साहब और राहुल गांधी ने गंभीरता से लिया है। वरिष्ठ पर्यवेक्षक और सचिव को बुलाया गया था और खुलकर बात हुई।''

अशोक गहलोत ने कहा, ''बैठक में अच्छे से चर्चा हुई है। केसी वेणुगोपाल बताएंगे किस प्रकार फॉलो-अप होगा। तह तक जाना जरूरी है। एक राष्ट्रीय पार्टी जिसके जीतने की बात पूरा देश और प्रदेश कर रहा था। क्या कारण रहे कि नतीजे उलटे आ गए। हमारे कार्यकर्ताओं के मन में आशंकाएं हैं।''

हार पर मंथन जारी

उन्होंने आगे कहा, ''आम लोगों के दिल में भी आशंकाएं हैं। ईवीएम वजह रहा हो या कैसी भी स्थिति बनी हो। हमने चुनाव आयोग से मुलाकात की और उनसे कहा कि हमारी आशंकाएं दूर कीजिए। हमने लिखित में ज्ञापन भी दिया है।''

दिल्ली में हुई कांग्रेस की बैठक में अशोक गहलोत के अलावा अजय माकन भी पहुंचे थे। हालांकि, इस बैठक में हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान नहीं पहुंचे थे। बता दें कि, उदयभान विधायकी का चुनाव भी हार चुके हैं। हरियाणा से लेकर दिल्ली कांग्रेस तक मंथन का दौर जारी है।

Created On :   10 Oct 2024 10:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story