लोकसभा चुनाव 2024: सिवनी में आयोजित रैली में शामिल हुए सीएम मोहन यादव, कहा - बाल बराबर भी नुकसान हुआ तो सरकार पैसा देगी

सिवनी में आयोजित रैली में शामिल हुए सीएम मोहन यादव, कहा - बाल बराबर भी नुकसान हुआ तो सरकार पैसा देगी
  • लोकसभा चुनाव के शुरु होने में बचे हैं कुछ दिन
  • सिवनी के कहानी में आयोजित रैली में सीएम मोहन यादव हुए शामिल
  • भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के समर्थन में सभा को किया संबोधित

चीफ रिपोर्टर, सिवनी। ओला-पाला में किसी के गेहं काले पड़ गए हों। चमक चली गई हो तो, चिंता मत करना। सबका गेंहू सरकार खरीदेगी। कलेक्टर से कहा है कि सबके सर्वे करना। किसी के मवेशी मर गए हों। किसी का मकान गिर गया हो। बाल बराबर भी किसी का नुकसान हुआ है तो सारा पैसा सरकार देगी। यह बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को सिवनी जिले के कहानी में मंडला लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। डॉ. यादव ने कहा, चुनाव में कांग्रेसी बहुत चालाक होते हैं। जैसे मछली को दाना डालकर पकड़ते हैं, वैसे ही मुद्दे की बात को छोड़ कर, ये कांग्रेस सहित घमंडिया गठबंधन के लोग दाना डाल कर आपको गेंहू का नहीं दिया। इसका नहीं दिया, उसका नहीं दिया।

ऐसा सिर्फ भाजपा कर सकती है

मुख्यमंत्री ने कहा, मेरे घर में भी 7 पीढ़ी में कोई विधायक-सांसद नहीं बना। मेरे घर में भी खेती-बाड़ी होती है। अभी गाय लगी हो तो दूध निकालकर भी बता सकता हंू। आपके बीच का ही बच्चा हंू। खेती किसानी के परिवार से आने वाला बच्चा यदि मुख्यमंत्री के पद तक पहुंच सकता है तो यह कमल की फूल की पार्टी भाजपा वाले ही कर सकते हैं और कोई नहीं कर सकता।

बालाघाट के उकवा में सीएम बोले - यहां सभा करना बड़े कलेजे की बात

चीफ रिपोर्टर,बालाघाट। लोकसभा चुनाव में नक्सलवाद के मुद्दे पर भले ही अब तक राजनीतिक दलों की खामोशी रही हो, लेकिन बैहर के उकवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता जरूर व्यक्त की है। शुक्रवार को बालाघाट लोकसभा सीट की भाजपा प्रत्याशी भारती पारधी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, उकवा में सभा कराना बड़े कलेजे की बात है। यहां सभा कराने में बड़ी हिम्मत लगती है। बिना नक्सलियों पर चर्चा किए डॉ. यादव ने कहा, लोग भूल गए हैं, हम 56 इंच वाले नरेन्द्र मोदी के काल में जी रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत पर जनता का आभार प्रकट करते हुए विधानसभा के चुनाव में बैहर विधानसभा की जनता ने जो चूक की है, उसे न दोहराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के रिपोर्ट कार्ड का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों के दिल पर सांप लोटते हैं हमारी योजनाओं के बारे में जान कर। हमने लाड़ली बहना का पैसा दिया, उसे बंद नहीं होने दिया। किसानों का गेहूं 2400 रुपए में खरीदने और धान का जुलाई के बजट में बोनस देने की बात भी कही।

Created On :   13 April 2024 11:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story