दिल्ली सियासत: यमुना की सफाई के बारे में बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा का आया बयान, जानिए क्या कहा

- युमना को लेकर बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा का आया बयान
- हमारा सबसे बड़ा संकल्प यमुना की सफाई है- प्रवेश वर्मा
- राज्य में 70 में से बीजेपी को 48 सीटें मिली हैं जीत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी नेता रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सीएम पद की शपथ ली। इसके बाद प्रवेश वर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। बीजेपी नेता ने कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं में यमुना नदी की सफाई सबसे अहम है और यह उनकी सरकार का बड़ा संकल्प है।
उन्होंने कहा- हमारा सबसे बड़ा संकल्प यमुना की सफाई है। यह हमारी जिम्मेदारी है और हम इसे पूरा करेंगे। हम यमुना को पूरी तरह से साफ करेंगे और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कैबिनेट की पहली बैठक में बहुत महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुसार दिल्ली के विकास में सहायक होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली के विकास को गति देने का आश्वासन दिया।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता दिल्ली के शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्हें 68,200 वोट मिले। रेखा गुप्ता ने आप नेता बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया है। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। साथ ही, मौजूदा समय में वह देश की दूसरी सीएम बनने जा रही हैं। वहीं, बीजेपी की ओर से इस वक्त रेखा गुप्ता पहली सीएम होंगी।
हरियाणा के जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता BJP महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वो दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रही हैं। इसके अलावा 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं। हालांकि, दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत नहीं हासिल किया था।
8 फरवरी को बीजेपी को मिली बड़ी जीत
आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए। जिसमें बीजेपी को बड़ी जीत मिली। 11 दिन बाद बीजेपी ने 19 फरवरी की शाम को सीएम पद का ऐलान किया। इस बार के दिल्ली चुनाव में बीजेपी ने 27 साल बाद बड़ी जीत हासिल की है। बीजेपी को राज्य में 70 में से 48 सीटें मिली हैं।
चुनावी नतीजों के बाद से ही बीजेपी खेमे से कई नाम सामने आने लगे थे। जिस पर मीडिया में भी चर्चा थी। लेकिन अब पार्टी ने रेखा गुप्ता को सीएम बनाने का फैसला लिया। सीएम फेस को लेकर सबसे अधिक चर्चा प्रवेश वर्मा की हो रही थी। इस बार के चुनाव में प्रवेश वर्मा ने आप के मुखिया और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को हराया था। ऐसे में पार्टी में उनका कद बढ़ा है। हालांकि, डिप्टी सीएम की कमान प्रवेश वर्मा को मिल सकती है। अभी बीजेपी ने डिप्टी सीएम फेस को लेकर कोई बड़ा ऐलान नहीं किया है।
Created On :   20 Feb 2025 10:13 PM IST