बिहार विधानसभा चुनाव 2025: 'तेजस्वी बनेंगे सीएम, छूटेगी पलटूराम की गाड़ी..', केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बयान पर तेज प्रताप यादव का पलटवार

तेजस्वी बनेंगे सीएम, छूटेगी पलटूराम की गाड़ी.., केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के बयान पर तेज प्रताप यादव का पलटवार
  • ललन सिंह ने कही तेजस्वी यादव के सीएम न बनने की बात
  • तेज प्रताप यादव ने किया पलटवार
  • इस साल के अंत में बिहार में होंगे विधानसभा चुनाव

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। वैसे तो इसमें अभी समय बाकी है लेकिन अभी से सूबे की सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा था कि 'तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, सपना देखते रहें'। अब उनके इस बयान पर लालू यादव के बड़े बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव ने पलटवार किया।

'सीएम बनने जा रहे तेजस्वी'

आरजेडी विधायक ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और पलटू राम (नीतीश कुमार) की गाड़ी बहुत जल्दी छूटने वाली है। उनके कहने से कुछ नहीं होता है। उन्होंने आगे कहा कि यह मेरी भविष्यवाणी है कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और जो सपना ललन सिंह ने पाल रखा है, वह बहुत जल्दी फेल होने वाला है। आरजेडी नेता ने ललन सिंह के बयान को नकारते हुए साफ किया कि बिहार की जनता आरजेडी के नेतृत्व में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।

क्या था ललन सिंह का पूरा बयान?

बता दें कि तेजस्वी यादव इन दिनों कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बिहार सरकार को लगातार घेर रहे हैं। वह लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर क्राइम बुलेटिन पोस्ट कर रहे हैं। इसी पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा था कि तेजस्वी यादव को अपराध की परिभाषा नहीं पता है। उन्होंने कहा था कि सिर्फ आंकड़े जारी करने से हकीकत नहीं बदलती। तेजस्वी को अपने पिता के शासनकाल को याद करना चाहिए, तब कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी। कितना अपराध होता था, कितना अपहरण होता था, अपहरण का उद्योग चलता था। फिरौती कहां वसूली जाती थी, ये सब जगजाहिर है। आंकड़े जारी करने से कोई मुख्यमंत्री नहीं बन जाता। उन्होंने आगे कहा था कि तेजस्वी यादव ज्ञान प्राप्त कर लें। उनको ज्ञान नहीं है, अनुभव की कमी है, अनुभव ले लें, मुख्यमंत्री का पद उनको नहीं मिलने वाला, वह मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे, सपना देखते रहें।

Created On :   21 Feb 2025 8:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story