कांग्रेस संगठन में फेरबदल: कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, कई नए महासचिव और प्रभारी नियुक्त किए गए, बिहार में भी बड़े बदलाव

- कांग्रेस संगठन में हुए फेरबदल
- कई नए महासचिव और प्रभारी नियुक्त किए गए
- कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस में शुक्रवार रात को संगठनात्मक फेरबदल हुआ। पार्टी में नए महासचिव और कई राज्यों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई। कई दिग्गज नेताओं को उनके पद से हटाया गया है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्यसभा सांसद सैयद नसीर हुसैन को महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बघेल को पंजाब और नसीर हुसैन को जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा नसीर हुसैन को कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यालय से मुक्त कर दिया गया है। कांग्रेस संगठन को बिहार सहित अन्य कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी को नियुक्त किया गया है। कृष्णा अल्लावरु को बिहार का प्रभारी बनाया गया है। महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इन नेताओं को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
बी.के. हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चोदनकर को तमिलनाडु और पुडुचेरी, अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड और मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सप्तगिरि शंकर उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड का प्रभारी बनाया गया है।
दीपक बबेरिया, मोहन प्रकाश, भरत सिंह सोलंकी, राजीव शुक्ला, देवेंद्र यादव और अजय कुमार की छुट्टी हो गई है। इन नेताओं से राज्यों के प्रभार वापस ले लिए गए हैं। देवेंद्र यादव पंजाब, अजय कुमार ओडिशा, दीपक बाबरिया हरियाणा, भरत सिंह सोलंकी जम्मू-कश्मीर के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे। इससे पहले गुरुवार को पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
Created On :   14 Feb 2025 11:41 PM IST