लोकसभा चुनाव 2024: आम चुनाव से पहले कर्नाटक में कांग्रेस को लगा झटका, इस नेता ने थामा बीजेपी का दामन

आम चुनाव से पहले कर्नाटक में कांग्रेस को लगा झटका, इस नेता ने थामा  बीजेपी का दामन
  • विधानसभा चुनाव में थामा था कांग्रेस का हाथ
  • बीजेपी ने नहीं दिया था विधानसभा टिकिट
  • लिंगायत समुदाय के बड़े नेताओं में शुमार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आगामी आम चुनाव से पहले दक्षिण भारत में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पार्टी नेता बी.एस. येदियुरप्पा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र की मौजूदगी में फिर से भाजपा में शामिल हुए। वे पिछले साल अप्रैल में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

भाजपा में दोबारा शामिल होने पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने कहा, ''पार्टी ने मुझे पहले भी कई जिम्मेदारियां दी थीं। कुछ मुद्दों के चलते मैं कांग्रेस पार्टी में गया था। पिछले 8-9 महीनों में बहुत सारी चर्चाओं के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुझसे भाजपा में वापस आने के लिए कहा। येदियुरप्पा और विजयेंद्र भी चाहते थे कि मैं भाजपा में वापस आऊं। मैं इस विश्वास के साथ पार्टी में फिर से शामिल हो रहा हूं कि नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है, जिससे भारत को और मजबूत किया जा सके।

जगदीश शेट्टार उत्तरी कर्नाटक में अच्छी पहचान रखते है, उनकी गिनती लिंगायत समुदाय के बड़े नेताओं में होती है। इससे पहले उनके पिता भी कर्नाटक की राजनीति में बड़ा नाम थे। जगदीश शेट्टार के पिता शिवप्पा शेट्टार हुबली के मेयर थे और दक्षिण भारत में जनसंघ के पहले मेयर थे। अगर वो कांग्रेस से बीजेपी में आते है तो आने वाले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को इसका फायदा होगा। कांग्रेस वैसे भी उत्तरी कर्नाटक में कमजोर है। जगदीश के जाने बाद कांग्रेस को काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

आपको बता दें जगदीश शेट्टार कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह हुबली-मध्य धारवाड़ निर्वाचन क्षेत्र से छह बार विधायक रहे हैं। पिछले साल कर्नाटक में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट न मिलने के बाद नाराज होकर जगदीश शेट्टार ने बीजेपी का साथ छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। कांग्रेस ने उन्हें हुबली-धारवाड़ से टिकट दिया था, लेकिन वो यहां से चुनाव हार गए थे। हालांकि कांग्रेस ने उन्हें एमएलसी बनाया।

एबीपी न्यूज के मुताबिक पिछले साल दिसंबर में जेडीएस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के गिरने का दावा किया था। तब उन्होंने कहा था कि पार्टी का एक बड़ा नेता बीजेपी आलाकमान के संपर्क में है और वह कई विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जा सकता है। कहा जा रहा है कि जगदीश शेट्टार दिसंबर में भी अमित शाह से मिले थे।

Created On :   25 Jan 2024 10:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story