लोकसभा चुनाव 2024: 75 दिन बाद थमा चुनावी शोर, खूब चले बयानों के तीर, अब 4 जून को नतीजों का इंतजार

75 दिन बाद थमा चुनावी शोर, खूब चले बयानों के तीर, अब 4 जून को नतीजों का इंतजार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज शाम होते होते 2024 के लोकसभा चुनाव का प्रचार शांत हो गया। चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ शुरु हुआ चुनावी शोर करीब 75 दिन चला। ढ़ाई महीने से चुनावी शोर के साथ साथ देशभर में जगह जगह राजनेताओं ने बड़ी-बड़ी रैलियां, चुनावी सभाएं और रोड शो किए। आज इनका समापन हो गया। पांच साल के इंतजार के बाद शुरू हुई चुनावी गूंज आज थमने के बाद अब पांच साल बात फिर सुनाई देगी । लोकतंत्र के इस पर्व में नेताओं और पार्टी समर्थकों ने अपने विपक्षी दलों पर खूब बयानी तीर छोड़े। और एक दूसरे पर निशाना साधा। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होगा। इस दिन 8 राज्यों और चंडीगढ़ की 57 सीटों पर मतदान है।सात चरणों में संपन्न हुए आम चुनाव में सभी पार्टियों के दिग्गज नेताओं ने खूब जोर लगाया, खूब भागदौड़ की।

नेताओं ने रोड शो , रैलियां ,सभाएं,पदयात्राएं की और कैमरे में कैद होकर खूब सुर्खियां बटोरी। साक्षात्कार देने में भी राजनैतिक पार्टियों के नेता एक दूसरे से रेस लगाते रहे। अपनी अपनी जीत के लिए दलों ने जनता से जमकर वादे किए। भारत के कोने कोने में चुनावी प्रचार हुआ। उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्व से लेकर पश्चिम तक नेताओं ने उड़ान भरी। कई नेताओं ने एक पार्टी का साथ छोड़कर दूसरी पार्टी का दामन थामा। नेताओं की उछलकूद भी खूब देखने को मिली।

विकास के साथ साथ धर्म ,जाति के मुद्दें स्क्रीन पर छाए रहे। विपक्षी दलों की ओर से संविधान व लोकतंत्र की रक्षा करने से लेकर आरक्षण ,जाति जनगणना और बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर बयानबाजी हुई वहीं सत्तारूढ़ पार्टी ने विकास, राम मंदिर, 370, नागरिकता संशोधन कानून से अपना जज्बा दिखाया। आत्मविश्वास से भरी बीजेपी का देश भर में राम मंदिर पर मुख्य फोकस रहा। मोदी की गारंटी का राहुल ने न्याय से सामना किया। भ्रष्टाचार ,ईडी, सीबीआई और अंतत सुप्रीम कोर्ट में चुनावी चहल- पहल और कई याचिकाओं की सुनवाई सुर्खियों में बनी । इन सब का सामना भारतीय निर्वाचन आयोग ने किया। ईसी ने कभी फटकार तो कभी निर्देशों से काम चलाया। जहां एक्शन लेने की जरूरत पड़ी तो कई कार्रवाई भी की। इन सब के बीच मूक बनें रहे मतदाताओं ने अपने मतदान का बखूबी इस्तेमाल किया। लोकतंत्र की नींव का पत्थर वोट से जनता ने जवाब दिया। जिसका नतीजा 4 जून को आएगा।

Created On :   30 May 2024 2:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story