दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: मटिया महल सीट से AAP उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल का बड़ा दावा, कहा - राज्य में केजरीवाल के नेतृत्व में फिर बनेगी आप सरकार

- दिल्ली में 5 फरवरी को होने है विधानसभा चुनाव
- मटिया महल सीट से AAP उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल का दावा
- राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का किया दावा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के आगाज से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। सूब में सियासी दलों एक के बाद एक ताबड़तोड़ रैली करके चुनाव प्रचार में कोई कस अधूरी नहीं छोड़ रहे हैं। इसी के साथ सियासी दलों के बीच दावों की जंग भी तेज होती जा रही है। इस कड़ी मेंक मटिया महल विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल ने अपनी जीत के प्रति आश्वासन जताया हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें क्षेत्र के लोगों से भरपूर समर्थन मिल रहा है।
राज्य में फिर बनेगी आप की सरकार - मोहम्मद इकबाल
आले मोहम्मद इकबाल ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि लोगों का यह प्यार अरविंद केजरीवाल के कारण है। पूरी दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार फिर केजरीवाल की सरकार बनानी है क्योंकि दिल्ली के लोगों के दिलों में केजरीवाल बसते हैं। भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भले ही वे दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री को यहां पर लाकर वोटरों को लुभाने की कोशिश करें, दिल्ली में रहने वाले सभी धर्म के लोग केजरीवाल के साथ हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक दलों के द्वारा प्रचार तेज कर दिया गया है। भाजपा के प्रत्याशियों के लिए कई राज्यों के मुख्यमंत्री रैलियां कर रहे हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट मांग चुके हैं। बता दें, आम आदमी पार्टी ने भी पूरी ताकत लगा दी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए रोड शो कर रहे हैं। साथ ही उनका पूरा मंत्रिमंडल दिल्ली में मौजूद है।
राहुल गांधी ने सीलमपुर में रैली को किया संबोधित
कांग्रेस की ओर से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सीलमपुर से चुनावी सभा का आगाज कर चुके हैं। लेकिन, बीते दिनों उनकी तबीयत खराब होने की वजह से वह कोई चुनावी सभा नहीं कर पाए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, राहुल गांधी की तबीयत अब ठीक है और वह चुनावी सभाओं में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 29 जनवरी को चुनावी सभा करेंगे।गौरतलब है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होगी। वोटिंग के बाद 8 फरवरी को परिणाम घोषित किया जाएगा।
Created On :   24 Jan 2025 11:03 PM IST