लोकसभा चुनाव 2024: भाजपा 4 जून को दक्षिण भारत में जीत का इतिहास बनाने जा रही है राजीव चंद्रशेखर
![भाजपा 4 जून को दक्षिण भारत में जीत का इतिहास बनाने जा रही है राजीव चंद्रशेखर भाजपा 4 जून को दक्षिण भारत में जीत का इतिहास बनाने जा रही है राजीव चंद्रशेखर](https://iansportalimages.s3.amazonaws.com/thumbnails/7ef31c14e78239d9d5b6ae3868dfe80b.jpg)
नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने दक्षिण भारत के राज्यों में भाजपा की जीत का बड़ा दावा किया है। तमिलनाडु और केरल में बड़ी जीत की भविष्यवाणी करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावी नतीजों के दिन दक्षिण भारत में जीत का नया इतिहास रचने जा रही है।
भाजपा मुख्यालय में मौजूद मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि जैसा कि पार्टी उत्तर भारत के राज्यों के साथ-साथ दक्षिण भारत के राज्यों में भी ऐतिहासिक प्रदर्शन करने जा रही है। भाजपा कर्नाटक में पहले से ही मजबूत है और इस बार 4 जून को दक्षिण भारत के राज्यों खासकर तमिलनाडु और केरल में भी बड़ी जीत हासिल कर दक्षिण भारत में जीत का इतिहास रचने जा रही है।
उन्होंने आगे कहा कि पहले और दूसरे चरण के चुनाव में भाजपा ने कर्नाटक के साथ-साथ तमिलनाडु और केरल में भी शानदार प्रदर्शन किया है। तमिलनाडु में वोटिंग पर गर्मी का असर हुआ है लेकिन भाजपा और एनडीए के वोटरों ने वोट किया है। चुनाव के आगामी चरणों में पार्टी तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी इतिहास रचने को तैयार है।
डीप फेक वीडियो को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जा रही है, विपक्ष झूठ और डीप फेक वीडियो फैला रहा है। डीप फेक पर आपराधिक मामला बनता है। लूट और झूठ कांग्रेस की पहचान बन गई है। वीडियो को मैनुपुलेट करके झूठ फैलाना कांग्रेस की चुनावी रणनीति का हिस्सा है। कांग्रेस ने सबसे ज्यादा संविधान में संशोधन किया है और अब भाजपा पर आरोप लगा रही है।
जेडीएस नेता प्रज्वल रेवन्ना के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के मामले में भाजपा का मत बिल्कुल स्पष्ट है, महिलाओं पर अत्याचार को लेकर पार्टी की नीति जीरो टॉलरेंस की है। जेडीएस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए प्रज्वल रेवन्ना को निलंबित कर दिया है, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं पर हुए अत्याचार और कर्नाटक में कांग्रेस नेता की बेटी की हत्या का मामला उठाते हुए विपक्ष पर तीखे सवाल दागे। उन्होंने पूछा कि महिला सुरक्षा के मामले में विपक्षी दलों का दोहरा रवैया क्यों है? अगर इस मामले में प्रदेश सरकार को पहले से पता था तो उन्होंने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की ?
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 April 2024 2:47 PM IST