कानून: झारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची में सड़कों की बदहाली पर राज्य सरकार, नगर निगम से मांगा जवाब

झारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची में सड़कों की बदहाली पर राज्य सरकार, नगर निगम से मांगा जवाब
झारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची की आंतरिक और सहायक सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार को राज्य सरकार तथा रांची नगर निगम को नोटिस जारी किया।

रांची, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड हाई कोर्ट ने राजधानी रांची की आंतरिक और सहायक सड़कों की मरम्मत एवं रखरखाव की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार को राज्य सरकार तथा रांची नगर निगम को नोटिस जारी किया।

चीफ जस्टिस एम.एस. रामचंद्र राव एवं जस्टिस दीपक रोशन की बेंच ने सरकार और निगम से कहा है कि इन सड़कों को दुरुस्त करने के लिए कब और कौन-कौन से कदम उठाए गए हैं, इसकी विशिष्ट जानकारी अदालत को उपलब्ध कराएं। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 5 मई को निर्धारित की है।

यह याचिका अधिवक्ता शुभम कटारुका ने दाखिल की है। उन्होंने अदालत को बताया कि उनकी ओर से रांची शहर की सहायक सड़कों (ऑग्जिलियरी एंड सर्विस रोड) की जो सूची दी गई थी, उसकी स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाया, उस पर कोई जवाब नहीं आया है। सरकार ने इस संबंध में जो शपथ पत्र दाखिल किया है, उसमें रांची की कुछ मुख्य सड़कों को दुरुस्त करने की बात कही गई है। लेक रोड, लालजी हिरजी रोड, विष्णु टॉकीज लेन, मधुकम रोड, सेवा सदन पथ, टैगोर हिल रोड, लालपुर-कोकर रोड जैसी सड़कों की स्थिति में सुधार को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।

याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि रांची की मुख्य सड़कों को छोड़ दें, तो बाकी ज्यादातर सड़कों की हालत खराब है। बड़ा तालाब के चारों ओर से गुजरने वाली सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इस रूट से मरीज को लेकर एंबुलेंस को आने में काफी परेशानी होती है। अपर बाजार इलाके की सड़कों पर ट्रैफिक का बहुत दबाव है, लेकिन उनकी हालत बेहद खराब है। आए दिन इन सड़कों पर दुर्घटनाएं होती हैं। कई सड़कें ऐसी हैं, जिनकी स्थिति मानसून के सीजन में और हल्की बारिश की स्थिति में बदतर हो जाती है। रांची नगर निगम और पथ निर्माण विभाग सिर्फ इनकी मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2025 5:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story