राजनीति: जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना, नेशनल हेराल्ड मामले में लगाया बड़ा आरोप

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना, नेशनल हेराल्ड मामले में लगाया बड़ा आरोप
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। मंडी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का दावा किया।

मंडी, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधा। मंडी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का दावा किया।

जयराम ठाकुर ने आईएएनएस से बात करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने नेशनल हेराल्ड अखबार को सरकारी विज्ञापन दरों (डीएवीपी रेट्स) का उल्लंघन करते हुए पिछले दो वर्षों में लगभग दो करोड़ रुपये का भुगतान किया। उन्होंने इसे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करार दिया।

इसके साथ ही ठाकुर ने कांग्रेस द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दुरुपयोग को लेकर केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब खुद को बचाने के लिए झूठे आरोप लगा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि नेशनल हेराल्ड, कांग्रेस के भ्रष्टाचार का प्रतीक बन चुका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता, जो संवैधानिक दायित्व पर हैं, वे ईडी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला 2012 में ही दर्ज किया गया था और उस वक्त भी सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले को खत्म कराने की कोशिश कर रहे थे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने देश को हर जगह लूटा है। केंद्र में पहले यूपीए सरकार लूट रही थी और अब हिमाचल प्रदेश में सुक्खू की सरकार लूट रही है। उन्होंने सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल के लोगों के पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। लोग अपना जेवर गिरवी रखकर इलाज करवा रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार विज्ञापन के नाम पर करोड़ों रुपये दान कर रही है।

बता दें कि नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी ने चार्जशीट दायर की है, जिसमें सोनिया गांधी और राहुल गांधी का नाम शामिल है। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और ईडी के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 April 2025 6:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story