अपराध: छत्तीसगढ़ निवासी दो हार्डकोर माओवादी नक्सलियों ने झारखंड में किया आत्मसमर्पण

छत्तीसगढ़ निवासी दो हार्डकोर माओवादी नक्सलियों ने झारखंड में किया आत्मसमर्पण
प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के दो हार्डकोर नक्सलियों ने मंगलवार को झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

लातेहार, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के दो हार्डकोर नक्सलियों ने मंगलवार को झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

इन नक्सलियों में अमरजीत बिरजिया और मिथिलेश कोरबा शामिल हैं। दोनों पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं।

लातेहार के एसपी कुमार गौरव और सीआरपीएफ के कमांडेंट यादराम बुनकर ने आत्मसमर्पण करने वाले दोनों नक्सलियों को माला पहनाकर उनका समाज की मुख्यधारा में स्वागत किया।

एसपी ने क्षेत्र में सक्रिय अन्य नक्सलियों को चेतावनी दी है कि वे हथियार डालकर मुख्यधारा में आएं, अन्यथा पुलिस के अभियान में गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे या फिर मारे जाएंगे।

बताया गया कि छत्तीसगढ़ निवासी दोनों नक्सली झारखंड के लातेहार में सक्रिय थे। दोनों नक्सली कमांडर छोटू खरवार के दस्ते के प्रमुख सदस्य थे। इनके खिलाफ जिले के छिपादोहर थाने में मामला भी दर्ज है।

हाल के महीनों में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 50 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। नक्सलवाद के खिलाफ पुलिस और सुरक्षा बलों के ऑपरेशन से घबराए नक्सली बड़ी संख्या में आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने एक दिन पहले सोमवार को चाईबासा में नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा करते हुए कहा था कि राज्य में नक्सली अपने अंतिम दिन गिन रहे हैं। जल्द ही उनका पूरी तरह खात्मा कर दिया जाएगा।

राज्य में एक-एक करोड़ के तीन इनामी समेत 13 बड़े नक्सली झारखंड पुलिस के लिए मोस्ट वांटेड हैं। इनमें माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष इनामी मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी और असीम मंडल पर एक-एक करोड़ के इनाम हैं। इनके अलावा अनमोल, मोछु, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा मोस्ट वांटेड की फेहरिस्त में शामिल है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 April 2025 5:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story