राजनीति: भोपाल में दिग्विजय सिंह के खिलाफ लगे पोस्टर

भोपाल 11 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ राजधानी भोपाल की सड़कों पर पोस्टर लगे हैं, जिनमें उन्हें गद्दार बताया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह अपने बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं, और वर्तमान में वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर कांग्रेस तथा दिग्विजय सिंह के आ रहे बयानों पर वक्फ विधेयक समर्थकों द्वारा विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
शुक्रवार को राजधानी भोपाल में कुछ स्थानों पर पोस्टर लगे हैं। इन पोस्टरों में दिग्विजय सिंह को गद्दार बताया गया है। दिग्विजय सिंह की तस्वीर लगी है और उसमें लिखा गया है "वतन और धर्म के गद्दार"। इसी तरह के पोस्टर रतलाम में भी लगाए गए हैं, जिसमें दिग्विजय सिंह को गद्दार कहा गया है। यह पोस्टर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने लगाए हैं, और इसमें दिग्विजय सिंह के वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध पर आपत्ति भी दर्ज कराई गई है।
वक्फ संशोधन विधेयक को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा था कि वक्फ संशोधन विधेयक जो लाया गया है, हम उसके खिलाफ हैं क्योंकि भारतीय संविधान का बुनियादी प्रावधान है, जिसमें अल्पसंख्यकों को संरक्षण का अधिकार दिया गया है। उनके अधिकारों को कुचलने का प्रयास हो रहा है। यह सरकार पिछले 11 साल से केवल हिंदू और मुसलमान कर रही है।
वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध और पश्चिम बंगाल में इसे लागू न करने के फैसले पर राज्य सरकार के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि संशोधन विधेयक देश का कानून है। ममता बनर्जी हमेशा संविधान का मजाक और धज्जियां उड़ाती रही हैं, जिसे राज्यसभा और लोकसभा में पारित किया गया है। इस कानून का हम सभी को पालन करना होगा। इसे लागू न करना देश के कानून, देश के संविधान और संप्रभुता का अपमान है।
सारंग ने आगे कहा कि ममता बनर्जी एक राज्य की मुख्यमंत्री हैं, देश की संसद में जो कानून पारित होता है, उसे देश के हर नागरिक को पालन करना अनिवार्य होता है। पश्चिम बंगाल पर कब्जा करने के बाद कानून का पालन नहीं करेंगी तो यह इस देश में नहीं चलेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 April 2025 2:49 PM IST