राजनीति: वक्फ कानून पर तेजस्वी यादव का बयान गरीब पसमांदा मुसलमानों के खिलाफ गिरिराज सिंह

वक्फ कानून पर तेजस्वी यादव का बयान गरीब पसमांदा मुसलमानों के खिलाफ  गिरिराज सिंह
बिहार में वक्फ कानून को लेकर सियासी तापमान चढ़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि अगर 2025 में उनकी सरकार सत्ता में आई तो बिहार में वक्फ कानून को लागू नहीं होने दिया जाएगा।

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में वक्फ कानून को लेकर सियासी तापमान चढ़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विधायक तेजस्वी यादव ने गुरुवार को कहा कि अगर 2025 में उनकी सरकार सत्ता में आई तो बिहार में वक्फ कानून को लागू नहीं होने दिया जाएगा।

इस बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला और कहा कि उनकी सरकार बनने की बात तो दूर, संसद से पारित कानून पूरे देश में लागू होता है और तेजस्वी का बयान गरीब पसमांदा मुसलमानों के खिलाफ है।

तेजस्वी यादव ने पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वक्फ कानून को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह बिल अल्पसंख्यक समुदाय के हितों के खिलाफ है और उनकी पार्टी इसे बिहार में लागू नहीं होने देगी। तेजस्वी ने भाजपा और जदयू पर मुस्लिम विरोधी नीतियों को लागू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर जनता ने राजद को मौका दिया तो इस कानून को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।

इसके जवाब में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में तेजस्वी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, "तेजस्वी यादव की सरकार बननी है नहीं। संसद से जो कानून पास होता है, वह पूरे देश में लागू होता है। संसद पूरे देश का है। तेजस्वी यादव गरीब पसमांदा मुसलमान के खिलाफ हैं। वे नहीं चाहते कि गरीब मुसलमानों और महिलाओं को हक मिले।"

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि तेजस्वी अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं क्योंकि वे पसमांदा मुसलमानों और महिलाओं को अधिकार देने वाले इस कानून के विरोधी हैं। यह कानून गरीबों और महिलाओं के हित में बनाया गया है, न कि तेजस्वी यादव के ठेकेदारों के लिए। उनकी राजनीति सिर्फ वोट बैंक तक सीमित है और वे समाज के कमजोर वर्गों की तरक्की नहीं चाहते। यह बिल पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रबंधन को बढ़ावा देगा, जिससे वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग रुकेगा।

बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले यह मुद्दा गर्माता जा रहा है। तेजस्वी के बयान से जहां राजद मुस्लिम वोटों को एकजुट करने की कोशिश में है, वहीं भाजपा इसे गरीबों के हक की लड़ाई बताकर अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 April 2025 1:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story