राजनीति: मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को जल्द मिलेगी पदोन्नति मोहन यादव

भोपाल, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा कि वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति शीघ्र होगी। इस बारे में राज्य शासन द्वारा शीघ्र ही महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में सरकार इस संबंध में निर्णय लेगी। इस फैसले से प्रदेश के लगभग चार लाख अधिकारी-कर्मचारी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि अपने सेवा काल में कई वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अनेक अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त भी हो गए। गत आठ वर्षों से पदोन्नति की रुकावट चली आ रही थी, जो अब समाप्त होगी।
मोहन यादव ने बताया कि पदोन्नति के संबंध में मुख्यमंत्री स्तर पर 12 से अधिक बैठकों में विचार-विमर्श किया गया। मंत्रियों से भी चर्चा की गई और पदोन्नति का रास्ता राज्य शासन द्वारा तलाशा गया है। राज्य शासन ने अनुभव किया कि पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मंत्रि-परिषद की बैठक में इस संबंध में निर्णय होगा। सुखद समाचार सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शीघ्र प्राप्त होगा। मध्य प्रदेश शासन द्वारा अधिकारी-कर्मचारियों के हित में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री यादव ने समस्त सरकारी कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए सरकार से जल्दी आदेश जारी करने की मांग की है। राज्य में कर्मचारियों और अधिकारियों को अपने सेवा काल में तीन पदोन्नति मिल जाए, ऐसे प्रावधान हैं, मगर इसका बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ नहीं मिल पाता। कई बार तो ऐसी स्थिति भी आती है कि कर्मचारी सेवानिवृत्त हो जाता है और उसे एक भी पदोन्नति नहीं मिल पाती, हालांकि क्रमोन्नति का लाभ देकर उसे वेतनमान की पात्रता जरूर हासिल हो जाती है। अब सरकार के आगामी समय में होने वाले फैसले से कर्मचारियों को लाभ होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2025 8:20 PM IST