अपराध: जालंधर भाजपा नेता के घर पर ग्रेनेड हमले के मामले में दो गिरफ्तार, सीएम नायब सैनी ने पंजाब सरकार को घेरा

जालंधर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की गुत्थी पुलिस ने 12 घंटे में सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जालंधर के भार्गव कैंप निवासी सतीश उर्फ लक्खा और गढ़ा निवासी हैरी के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम अन्य आरोपियों की तलाश में दिल्ली रवाना हो गई है। सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान दिल्ली में अन्य संदिग्धों के सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस अब उन्हें पकड़ने के लिए दिल्ली रवाना हो गई है।
वहीं, मनोरंजन कालिया का हाल जानने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल उनके घर पहुंचे। इस दौरान हरियाणा के सीएम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब पहले ही पीड़ित रहा है और राज्य ने काफी दुख सहा है। ऐसे में कानून-व्यवस्था को बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा जताई कि पंजाब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की तह तक पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि इस घटना के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। ग्रेनेड हमले को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रशासन पर सवाल उठाए और कहा कि समय आने पर समाज खुद इसका जवाब देगा।
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा इस मामले में केंद्र सरकार पर निशाना साधने के सवाल पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि अगर उन्हें लगता है कि कोई दोषी है, तो वह उस पर कार्रवाई कर सकती है। उन्होंने आगे कहा कि लोग चुनाव का इंतजार कर रहे हैं और आने वाले दिनों में लोग खुद जवाब देंगे।
दूसरी ओर, भाजपा ने इस घटना के विरोध में पंजाब भर में धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मनोरंजन कालिया को फोन कर स्थिति का जायजा लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2025 7:30 PM IST