राजनीति: अमित शाह की रविवार को गोपालगंज में जनसभा; बिहार के मंत्री ने कहा, 'प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण दिन'

गोपालगंज, 29 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को बिहार के गोपालगंज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसकी सफलता के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित कई केंद्रीय मंत्री, बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय, जीवेश मिश्रा, हरि साहनी, जनक राम, नीरज सिंह बबलू और कई नेता पिछले दो दिन से विभिन्न गांवों में जाकर लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं और कार्यक्रम में आने का न्योता दे रहे हैं।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने सदर प्रखंड में कई स्थानों पर बैठक की। इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल और मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रविवार का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक है। यह दिन प्रदेश की राजनीति के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।
उन्होंने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गोपालगंज आएंगे तो इस वर्ष होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव का शंखनाद भी होगा और केंद्र सरकार और बिहार की सरकार ने जो जनता के लिए कार्य किए हैं, उन सारे विषयों की चर्चा करेंगे। फिर से जनता का आशीर्वाद मिलने पर नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने पर जो कार्य किए जाएंगे, उसकी भी चर्चा करेंगे। बिहार की राजनीति के लिए भी एक नया संदेश गोपालगंज की धरती से कल (रविवार को) जाने वाला है।"
इस जनसभा में महिलाओं की अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाजपा महिला मोर्चा की महिला कार्यकर्ता स्थानीय महिलाओं को भी आमंत्रित कर रही हैं। इसी क्रम में शनिवार को थावे मंदिर में महिला मोर्चा की सदस्यों द्वारा पूजा-अर्चना और कीर्तन किया गया तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा मां सीता के भव्य मंदिर निर्माण के ऐलान पर आभार प्रकट किया गया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2025 8:24 PM IST