राजनीति: झारखंड में चैत्र नवरात्रि और रामनवमी पर मांसाहार की बिक्री पर रोक की भाजपा ने उठाई मांग

रांची, 25 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड में चैत्र नवरात्रि और रामनवमी पर मांसाहार की बिक्री पर प्रतिबंध की मांग उठाई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों पर नवरात्रि और रामनवमी के दौरान मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगानी चाहिए।
हजारीबाग के भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने भी मांग की है कि हजारीबाग शहर में बड़े स्तर पर आयोजित होने वाले रामनवमी महोत्सव के दौरान क्षेत्र में नॉनवेज की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाए और यदि ऐसा नहीं होता है तो वे स्वयं जनता से ऐसा करने की अपील करेंगे।
भाजपा नेताओं की इस मांग पर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा है कि रामनवमी जैसे पर्व पर राज्य में जो भी व्यवस्थाएं लागू होती हैं, वही हजारीबाग में भी लागू रहेंगी।
मंत्री ने कहा, ''रामनवमी एक पवित्र पर्व है और पूरे राज्य में इन दिनों मांसाहार की बिक्री पर रोक होती है। हजारीबाग भी इससे अछूता नहीं रहेगा। हालांकि, यदि इन मुद्दों के आधार पर किसी भी तरह से समाज को बांटने या भड़काने की कोशिश की जाती है, तो प्रशासन विशेष निगरानी रखेगा।''
मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में प्रशासन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है और किसी भी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि को कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
मंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कुछ राजनीतिक दल अनावश्यक बहस करके जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि देश को विकास, शांति और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा की आवश्यकता है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मांसाहार पर प्रतिबंध की भाजपा नेताओं की मांग पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी हास्यास्पद मुद्दे उठाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब कर रही है। क्या खाना है और क्या नहीं खाना है, इस पर बात करने का क्या मतलब है। कोई व्यक्ति नॉन-वेजेटेरियन है, तो यह उसकी मर्जी है। जिसे वेज खाना है, वह वेज खाए। नवरात्रि में हम भी नॉनवेज नहीं खाते हैं तो इसमें कौन सी बड़ी बात है।
अंसारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता महंगाई पर बात नहीं करते। सेंसेक्स का भट्ठा बैठ गया है, उस पर केंद्र सरकार कुछ नहीं कर रही। इन जरूरी मुद्दों पर बात नहीं हो, इसलिए ये लोग वेज-नॉनवेज की बहस चलाने की कोशिश कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2025 2:47 PM IST