राजनीति: दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रियों संग की यमुना आरती, फिर हुई कैबिनेट की पहली बैठक

दिल्ली  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रियों संग की यमुना आरती, फिर हुई कैबिनेट की पहली बैठक
दिल्ली की नवगठित भाजपा सरकार के लिए यमुना नदी को स्वच्छ बनाना सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। गुरुवार को शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के पहले दिन ही रेखा गुप्ता और उनके सभी कैबिनेट सहयोगी दिल्ली में यमुना तट पर स्थित वासुदेव घाट पर पहुंचे और यमुना आरती की।

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की नवगठित भाजपा सरकार के लिए यमुना नदी को स्वच्छ बनाना सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है। गुरुवार को शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के पहले दिन ही रेखा गुप्ता और उनके सभी कैबिनेट सहयोगी दिल्ली में यमुना तट पर स्थित वासुदेव घाट पर पहुंचे और यमुना आरती की।

शपथ लेने के कुछ ही घंटे बाद यमुना आरती का कार्यक्रम इस बात को दिखाता है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत में यमुना की गंदगी के मुद्दे का कितना योगदान रहा और अब सरकार उसकी सफाई को लेकर किस कदर प्रतिबद्ध है।

यमुना आरती के उपरांत दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक हुई। इसमें मंत्री प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज और पंकज कुमार सिंह शामिल हुए जिन्होंने आज रेखा गुप्ता के साथ मंत्री पद की शपथ ली थी।

दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी यहां यमुना घाट पर मौजूद रहे। इस दौरान मंत्रोच्चार के बीच यमुना आरती की गई। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर प्रार्थना की। यहां भाजपा के कई बड़े नेता और दिल्ली के कई लोकसभा सांसद भी मौजूद रहे।

दिल्ली में पिछले 10 साल से सत्ता में रही आम आदमी पार्टी की सरकार ने यमुना नदी को साफ करने के वादे किए थे। हालांकि, दो कार्यकाल बीतने के बावजूद दिल्ली में यमुना साफ नहीं हो सकी। यमुना नदी की गंदगी का मुद्दा दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी उठाया गया था। अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने यमुना नदी को अपनी प्राथमिकता पर रखा है।

चुनाव के दौरान भी भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करते हुए उनकी सरकार दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर होकर काम करेगी। जनता की पाई-पाई का हिसाब होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अगले तीन साल में यमुना को साफ करने की रणनीति बनाई गई है।

विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कई स्थानों पर यमुना नदी से गाद हटाने का काम भी शुरू हो गया है। सरकार गठन से महज कुछ दिन पहले दिल्ली के उपराज्यपाल ने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण मुलाकात भी की थी। इसके बाद दिल्ली में कई स्थानों पर यमुना नदी से गाद एवं खरपतवार हटाने का काम शुरू किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Feb 2025 7:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story