राजनीति: सुखबीर बादल पर गोली चलना निंदनीय, इस्तीफा दें भगवंत मान बांसुरी स्वराज

नई दिल्ली, 4 दिसंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली सीट से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने शिरोमणि अकाली दल प्रमुख और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर बुधवार सुबह अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में हुए जानलेवा हमले की निंदा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की है।
बांसुरी स्वराज ने आईएएनएस से कहा, "बुधवार को सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर के परिसर में जो जानलेवा हमला हुआ, वह यह दर्शाता है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मैं भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल से यह सवाल पूछना चाहती हूं कि वे इस घटना पर चुप क्यों हैं? यह केवल सुखबीर सिंह बादल पर हमला नहीं है, बल्कि स्वर्ण मंदिर जैसे हमारे पवित्र स्थल पर हमला है। यह हमारे विश्वास और आत्मा पर प्रहार है। आप आंकड़े देखिए, आम आदमी पार्टी के पंजाब में सत्ता में आने के बाद अपराध बढ़ा है, विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ अपराध में 10 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।"
उन्होंने कहा कि पंजाब में सजा की दर देश में सबसे कम है, सिर्फ 20 प्रतिशत मामलों में सजा मिलती है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट को बार-बार आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार को फटकार लगानी पड़ती है। गत 24 नवंबर को ही हाई कोर्ट ने टिप्पणी की कि पंजाब में ऐसा लगता है जैसे पुलिस और अपराधियों के बीच एक गठजोड़ है, एक नेक्सस है। लेकिन सुरक्षा का मुद्दा तो केजरीवाल के लिए केवल एक चुनावी जुमला बनकर रह गया है, इसलिए वह आज इस बड़ी घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं।
भाजपा सांसद ने कहा, "पंजाब में जो कानून है, यह उसकी नाकामी है। लेकिन आपको यह भी याद होगा कि पंजाब पुलिस का दुरुपयोग मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा लगातार किया जा रहा है। दिल्ली में भाजपा नेता तेजिंदर सिंह को भी पंजाब पुलिस भेजकर परेशान किया गया था। आज जब सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ, तो मीडिया की वीडियो में साफ दिखता है कि पंजाब पुलिस बस तमाशा देख रही थी, जबकि सामान्य जनता और सुखबीर जी के समर्थकों ने बीच में आकर हस्तक्षेप किया।"
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि भगवंत मान को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। अगर वह एक पूर्व उपमुख्यमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, अगर वह यह नहीं सुनिश्चित कर सकते कि हमारे पवित्र स्वर्ण मंदिर में दिनदहाड़े गोलियां न चले, तो वह आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेंगे?"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Dec 2024 5:54 PM IST