राजनीति: बिहार में अब तक नहीं बन पाई प्रदेश कांग्रेस समिति, 'आलाकमान' की नजर हुई तिरछी!

बिहार में अब तक नहीं बन पाई प्रदेश कांग्रेस समिति, आलाकमान की नजर हुई तिरछी!
बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अखिलेश प्रसाद सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने भी करीब 22 महीने गुजर गए, लेकिन वह प्रदेश समिति का गठन नहीं कर सके हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि बिहार संगठन को लेकर पार्टी आलाकमान की नजर हाल के दिनों में तिरछी हुई है।

पटना, 26 अगस्त (आईएएनएस )। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अखिलेश प्रसाद सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बने भी करीब 22 महीने गुजर गए, लेकिन वह प्रदेश समिति का गठन नहीं कर सके हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि बिहार संगठन को लेकर पार्टी आलाकमान की नजर हाल के दिनों में तिरछी हुई है।

माना जा रहा है कि आलाकमान ने बिना किसी विवाद और विघटन के संगठन को चुनावी राजनीति के अनुकूल बनाने का लक्ष्य तय कर लिया है।

हाल के दिनों में कांग्रेस आलाकमान ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) का बिहार प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद को और अल्पसंख्यक विभाग का प्रदेश अध्यक्ष ओमैर खान को नियुक्त किया है। यह साफ संदेश है कि आने वाले समय में कई और मनोनयन हो सकते हैं। बताया जाता है कि आलाकमान ने इन नियुक्तियों को लेकर प्रदेश नेतृत्व से कोई सलाह भी नहीं ली थी।

दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ऐसे कोई पहले अध्यक्ष नहीं हैं जो इतने समय में प्रदेश समिति का गठन नहीं कर सके। इससे पहले मदन मोहन झा भी प्रदेश समिति का गठन नहीं कर सके थे। इस बीच, हालांकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव भी हुए। इस दौरान चुनाव समिति भले ही कार्यशील होती है। आलाकमान का मानना है कि प्रदेश समिति के नहीं रहने से इन चुनावों में अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आए।

कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। वह जानते हैं कि प्रदेश समिति के गठन के बाद गुटबाजी उभरकर सामने आ जायेगी। इस स्थिति में कांग्रेस आलाकमान स्वयं ऐसे चेहरे सामने ला रहे हैं जो जुझारू और पार्टी के प्रति ईमानदार हों।

दरअसल, कांग्रेस के दो विधायकों मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सौरव के पार्टी से किनारा करने और एनडीए के साथ गलबहियां लेने के बाद कांग्रेस नेतृत्व को इसका आभास हुआ। कांग्रेस के नेता दबी जुबान से स्वीकारते भी हैं कि संगठन अगर कारगर पहल करती तो ये नेता पार्टी के साथ बने रहते।

कांग्रेस के नेता भी मानते हैं कि पार्टी नेतृत्व ने छात्र संगठन और अल्पसंख्यक विभाग को अपने मनोनुकूल लोगों को लाकर कार्य पद्धति में परिवर्तन के संकेत दिए हैं। अब देखने वाली बात होगी कि आगे और किस पद पर नियुक्ति होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 Aug 2024 9:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story