राष्ट्रीय: पेरिस ओलंपिक भारतीय हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने कुछ ऐसे दी बधाई

पेरिस ओलंपिक  भारतीय हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने कुछ ऐसे दी बधाई
पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 2-1 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया। यह ओलंपिक के इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 13वां पदक था।

नई दिल्ली, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन को 2-1 से मात देकर कांस्य पदक अपने नाम किया। यह ओलंपिक के इतिहास में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 13वां पदक था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए अपने संदेश में कहा, "पेरिस ओलंपिक में हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने पर बहुत बधाई। करीब पांच दशक बाद भारतीय हॉकी टीम ने एक के बाद एक ओलंपिक गेम्स में पदक जीता है। हॉकी को इस स्तर पर ले जाने के लिए भारतीय टीम को ढेर सारी बधाई। उन्होंने भारत को गौरव का अवसर दिया है।"

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेगी! भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता, यह इसलिए भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत धैर्य और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।"

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई देते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, "साहस का क्या शानदार प्रदर्शन! हमारी पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने पर बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन और त्रुटिहीन खेल कौशल खेल के प्रति एक नया उत्साह जगाएगा। आपकी उपलब्धि ने तिरंगे का गौरव बढ़ाया है।''

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। उनकी उल्लेखनीय टीमवर्क और अद्भुत कौशल ने शानदार परिणाम दिए हैं। हमें टीम पर गर्व है और हम उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।''

केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में जिस तरीके से कांस्य पदक हासिल किया है, इसके लिए मैं मेरी और पार्टी की ओर से पूरी टीम को हार्दिक बधाई देता हूं। टीम ने जो आसाधरण कौशल का प्रदर्शन किया और इस लड़ाई व खेल को जीता है, सारा भारत उन पर गर्व कर रहा है। इसके लिए मैं फिर से उन्हें बहुत बधाई देता हूं।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय हॉकी टीम को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ''जय हो! पेरिस ओलंपिक-2024 की हॉकी प्रतिस्पर्धा में कांस्य पदक जीतने की हार्दिक बधाई टीम इंडिया। आप हमारे चैंपियन हैं। भारत को आप पर गर्व है।''

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिखा, "पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अर्जित करने पर हार्दिक बधाई। आप सभी खिलाड़ियों ने अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा से प्रत्येक देशवासी को गौरवान्वित किया है। आपका अद्भुत खेल कौशल और टीम भावना समस्त युवाशक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Aug 2024 2:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story