लोकसभा चुनाव 2024: अच्छे दिन तो नहीं आ पाए, चार जून के बाद खुशियों के दिन आएंगे अखिलेश यादव

अच्छे दिन तो नहीं आ पाए, चार जून के बाद खुशियों के दिन आएंगे  अखिलेश यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कुशीनगर और बांसगांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

कुशीनगर/बांसगांव, 28 मई (आईएएनएस)। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कुशीनगर और बांसगांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि चार तारीख को खुशियों के दिन आएंगे, प्रेस वालों के भी खुशियों के दिन आएंगे। मित्र मंडली तो बदलेगी ही बदलेगी, मंत्रिमंडल और मीडिया मंडल भी बदलेगा। जो सुनाते रहे मन की बात, अब होगी संविधान की बात।

उन्होंने कहा कि कुशीनगर वो इलाका है, जहां डबल इंजन की सरकार को डबल काम करना चाहिए था। डबल इंजन कुशीनगर आते-आते धुआं फेंकने लगा। ना विकास हुआ, ना नौजवानों को नौकरी मिली। ना ही किसानों को मदद मिली। दस साल में उन्होंने ना चीनी मिल चलाई, ना गन्ने की कीमत बढ़ाई। हम सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करेंगे, उनकी फसल की कीमत भी दिलाएंगे। नौकरी मिलेगी, किसानों का कर्ज माफ होगा, पुरानी पेंशन मिलेगी, शिक्षामित्र, बेरोजगार सबकी मदद होगी। हमारी माताएं-बहनें जो गरीब हैं, उनके खाते में हर साल 1 लाख रुपए देने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह जो मन की बात और मनमर्जी की बात करते रहे हैं, कोई इनकी बात सुनना नहीं चाहता है, अब लोग संविधान की बात करना चाहते हैं। इंडिया गठबंधन और सपा ने तय किया है कि ना केवल सरकारी नौकरियां दी जाएगी, आरक्षण के तहत आपको हक और सम्मान मिलेगा, अग्निवीर व्यवस्था हमेशा के लिए खत्म होगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि 4 जून के बाद सरकार बनेगी तो राशन की मात्रा बढ़ेगी, गुणवत्ता बढ़ेगी, राशन के साथ आटा और डाटा देने का काम होगा। चुनाव हमारा आपका तो है ही, ये भविष्य की पीढ़ी का चुनाव है और ये चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है। ये संविधान हमारी संजीवनी है। रोटी-कपड़ा और मकान, सबसे पहले बचाना है संविधान।

उन्होंने कहा कि ये सातवें चरण का चुनाव है और जनता का गुस्सा भी सातवें आसमान पर पहुंच गया है। जिन लोगों ने झूठी बातें और झूठे वादे किए हैं, वो आज जनता के सामने डगमगा रहे हैं। हम और कांग्रेस जुड़ गए तो एक और एक ग्यारह हो गए, भाजपा वाले आपस में लड़ गए तो एक से एक गया तो जीरो हो गया। जो लोग कहते थे निवेश लाएंगे, निवेश ना गोरखपुर पहुंचा, ना देवरिया पहुंचा, जो संस्थाएं नौकरियां दे सकती थी, आरक्षण दे सकती थी, उन्हें भी इन्होंने बेच दिया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 May 2024 1:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story