राजनीति: यमुना की सफाई सरकार की प्राथमिकता, शपथ ग्रहण के बाद सीएम समेत पूरी कैबिनेट जाएगी यमुना घाट

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा नेता और शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक रेखा गुप्ता आज दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी। उनके साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री समेत उनकी पूरी कैबिनेट दिल्ली में यमुना नदी के घाट पर जाएगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री व उनके मंत्री यमुना घाट पर साफ-सफाई का जायजा लेंगे। अपने इस कदम के साथ ही दिल्ली की नई सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से सत्ता में रही आम आदमी पार्टी की सरकार ने यमुना नदी को साफ करने के वादे किए थे। लेकिन आप सरकार अपने इस वादे को पूरा नहीं कर सकी। दिल्ली विधानसभा चुनावों में यमुना की सफाई एक बड़ा मुद्दा बना था। अब दिल्ली की नई सरकार इस मुद्दे को काफी गंभीरता से ले रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रियों के शपथ ग्रहण की बात करें तो यह कार्यक्रम दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किया जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेता शामिल होंगे, वहीं लोग भी इसमें शामिल होने के लिए न्यौता दिया गया है।
भाजपा के कार्यकर्ता व मतदाता इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में काफी बड़े स्तर पर कार्यकर्ताओं व आम जनता की भागीदारी देखने को मिलेगी। शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान में 3 मंच बनाए गए हैं।
शपथ ग्रहण से पहले दिल्ली की होने वाली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जनता के एक-एक पैसे का हिसाब होगा। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो सपना देखा है, उसे पूरा करेंगे। हम दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर होकर काम करेंगे। जनता की पाई-पाई का हिसाब होगा।
वहीं, दिल्ली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले कपिल मिश्रा का कहना है कि वे सब लोग मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को पूरा करेंगे।
गौरतलब है कि रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता देश भर में भाजपा की अकेली महिला मुख्यमंत्री होंगी। रेखा गुप्ता दिल्ली में भाजपा की ओर से दूसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। इससे पहले सुषमा स्वराज दिल्ली में मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने जा रहीं रेखा गुप्ता एक प्रमुख छात्र नेता रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव और अध्यक्ष रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम किया है। उन्होंने एलएलबी की भी पढ़ाई की है। वह दिल्ली में ही कई बार पार्षद रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Feb 2025 10:51 AM IST