महाकुंभ 2025: महाकुंभ 2025 बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान के गीतों संग होगा 'संस्कृति का महाकुंभ'

महाकुंभ 2025  बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान के गीतों संग होगा संस्कृति का महाकुंभ
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का स्नान है। इसके पहले सोमवार को बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान के गीतों संग 'संस्कृति का महाकुंभ' होगा। संस्कृति ग्राम, गंगा-यमुना पंडाल, त्रिवेणी पंडाल और अहिल्या बाई होल्कर पंडाल समेत सभी मंचों पर सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

लखनऊ/महाकुंभ नगर, 23 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुंभ में 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का स्नान है। इसके पहले सोमवार को बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान के गीतों संग 'संस्कृति का महाकुंभ' होगा। संस्कृति ग्राम, गंगा-यमुना पंडाल, त्रिवेणी पंडाल और अहिल्या बाई होल्कर पंडाल समेत सभी मंचों पर सांस्कृतिक आयोजन होंगे।

कहीं सुरों की सरिता तो कहीं उत्तर प्रदेश के लोकनृत्य की बयार बहेगी। कहीं रामलीला का मंचन होगा तो कहीं कलाकार शबरी की प्रतीक्षा को दर्शाएंगे। यहां उत्तर प्रदेश की अनेक संस्कृतियों संग देश की संस्कृतियों का भी समागम होगा। कथक, भरतनाट्यम, भजन, लोकगायन-लोकनृत्य से भी महाकुंभ की सांझ सजेगी।

संस्कृति ग्राम में सोमवार को बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान अपने गीतों से श्रोताओं को 'आनंद गंगा' में गोते लगवाएंगे। गंगा पंडाल में पुणे की सुचेता भिडे चापेकर ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देंगी। पश्चिम बंगाल के आनिंदो चटर्जी को भी योगी सरकार मंच मुहैया करा रही है। महाकुंभ की सांझ में वह अपने तबला वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। गंगा पंडाल पर ही उत्तर प्रदेश की अपर्णा यादव भजनों की प्रस्तुति देंगी।

संगम सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था प्रयागराज की तरफ से अहिल्या बाई होल्कर मंच पर शबरी की प्रतीक्षा नाट्य प्रस्तुति होगी। इसका निर्देशन सुबोध कुमार सिंह ने किया है। भोपाल के एक थियेटर की ओर से रामायण की प्रस्तुति होगी। मथुरा के खेमचंद्र यदुवंशी और उनकी टीम रामलीला का मंचन करेगी। इस मंच पर ही पंडित धर्मराज मिश्र, लखनऊ की डॉ. विनीता सिंह का भजन गायन होगा। साथ ही जौनपुर की साधनी सुदामा भजन और लोकगायन की प्रस्तुति देंगी।

सोमवार को यमुना पंडाल पर भी अनेक कार्यक्रम होंगे। यहां शाम चार से रात आठ बजे तक लोकगायन और लोकनृत्य से जुड़ीं विविध प्रस्तुतियां होंगी। इस मंच पर प्रयागराज के लोक कलाकार अभयराज यादव, मिर्जापुर की रेखा रानी गौड़, प्रयागराज के जगदीश यादव, चंदौली के घनश्याम शुक्ला, मेरठ की रुचिका सिंह, मिर्जापुर की कल्पना गुप्ता और गोरखपुर के अनिकेत का लोकगायन होगा। लखनऊ की ऋचा जोशी लोकनृत्य के जरिए दर्शकों को अपनी प्रस्तुति से भावविभोर करेंगी।

त्रिवेणी मंच पर भी भारतीय संस्कृति की बयार बहेगी। यहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कानपुर के शुभम वाजपेयी तालवाद्य वृंद वादन करेंगे। लखनऊ के ज्ञानेंद्र दत्त वाजपेयी का भरतनाट्यम होगा। लखनऊ की डॉ. पूनम श्रीवास्तव का लोकगायन इस मंच पर होगा, जबकि कानपुर की डॉ. संगीता श्रीवास्तव का कथक और लखनऊ के डॉ. मनोज मिश्र तालवाद्य वृंदवादन करेंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 Feb 2025 8:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story