Breaking News: आज की बड़ी खबरें 20 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 20 April 2025 10:00 AM IST
अमेरिकी टैरिफ से अरब देशों के गैर-तेल निर्यात को खतरा संयुक्त राष्ट्र एजेंसी
संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक आयोग पश्चिमी एशिया (ईएससीडब्ल्यूए) के अनुसार, अमेरिका में व्यापार संरक्षणवाद में आई तेज बढ़ोतरी अरब देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ा रही है, जिससे 22 अरब डॉलर मूल्य के गैर-तेल निर्यात को खतरा पैदा हो गया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जॉर्डन सबसे कमजोर स्थिति में दिख रहा है, क्योंकि उसके लगभग एक चौथाई सामान अमेरिका को भेजे जाते हैं। बहरीन को भी चिन्हित किया गया है, क्योंकि वह अमेरिका को एल्यूमीनियम और रासायनिक पदार्थों का निर्यात बहुत ज्यादा करता है।
- 20 April 2025 9:54 AM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को दी ईस्टर की शुभकामनाएं
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने त्याग और करुणा के प्रतीक ईसा मसीह के पुनरुत्थान दिवस की सबको शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि ईसा मसीह की शिक्षाएं मानवता को प्रेम और त्याग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं।
- 20 April 2025 9:43 AM IST
IPL 2025 एक ही मैच में एलएसजी-आरआर को मिली अपनी तीसरी सबसे करीबी जीत और हार
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 35वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को करीबी मुकाबले में 2 रनों से मात दी। एलएसजी की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 178 रन ही बना सके।
- 20 April 2025 9:25 AM IST
बंगाल संभालने में ममता बनर्जी पूरी तरह विफल- दिलीप घोष
पश्चिम बंगाल की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने शनिवार को राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है और ममता बनर्जी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उनके इस बयान का बंगाल भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी समर्थन किया है।
- 20 April 2025 9:14 AM IST
हूती विद्रोहियों का दावा, 'यमन पर अमेरिकी हवाई हमलों में तीन की मौत, 4 घायल'
अमेरिका ने यमन की राजधानी सना और उसके आसपास के इलाकों में हवाई हमले किए। इन हमलों में तीन लोगों की मौत और चार के घायल होने की जानकारी दी गई है। अमेरिकी सेना ने सना और इसके पश्चिमी बाहरी इलाकों में 21 हवाई हमले किए। इनमें से एक हमला उत्तरी सना के अल-नहदा इलाके में हुआ, जहां दो लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। एक और हमला दक्षिणी सना के सफ़ियाह इलाके में एक कब्रिस्तान के पास हुआ, जिसमें एक तीसरा व्यक्ति घायल हो गया। यह जानकारी हूती समूह के अल-मसीरा टीवी चैनल के हवाले से समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने दी है।
- 20 April 2025 9:06 AM IST
दिल्ली: नौसेना प्रमुख ने दिखाई दौड़ की हरी झंडी
नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी और पूर्व सेनाध्यक्ष एवं मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह ने धौला कुआं में सोल्जरथॉन - सैनिकों के साथ दौड़ और सैनिकों के लिए दौड़ को हरी झंडी दिखाई। सेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। धावक बहुत उत्साहित हैं। यह एक अच्छी पहल है। यह लोगों के लिए खुद को फिट रखने की प्रेरणा है। अगर आपका शरीर फिट है, तो बाकी सब भी फिट रहता है।
- 20 April 2025 8:50 AM IST
जेलेंस्की को पुतिन के 'ईस्टर ट्रूस' पर संदेह, बोले ' ये इंसानी जिंदगियों से खिलवाड़ की कोशिश'
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने युद्धविराम की घोषणा की। 'ईस्टर ट्रूस' के तहत उनके 30 घंटे के युद्धविराम को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने छलावा करार दिया है। जेलेंस्की ने कहा कि यह रूस का इंसानी जिंदगियों के साथ खिलवाड़ करने का एक और प्रयास है। यह प्रस्ताव तीन साल के युद्ध में सबसे महत्वपूर्ण है। पुतिन ने इसे एक मानवीय कदम के तौर पर प्रोजेक्ट किया है।
- 20 April 2025 8:42 AM IST
सीएम योगी ने राहत कार्य संचालित करने के दिए आदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तूफान, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली के मद्देनजर संबंधित जिलों के अधिकारियों को राहत कार्य तत्परता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें और राहत कार्यों की निगरानी करें। आपदा के कारण जनहानि या पशुहानि होने पर प्रभावितों को तत्काल राहत राशि वितरित की जाए। घायलों को समुचित उपचार दिया जाए। सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
- 20 April 2025 8:15 AM IST
पश्चिम बंगाल मुर्शिदाबाद हिंसा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 21 अप्रैल को सुनवाई
ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शासित पश्चिम बंगाल में वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन में मुर्शिदाबाद में हिंसा हुई। हिंसा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में डाली गई दो याचिकाओं पर 21 अप्रैल को सुनवाई होगी।
- 20 April 2025 8:09 AM IST
निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा के बयान से भाजपा का किनारा, कहा- 'यह उनका व्यक्तिगत बयान'
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और पार्टी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा की ओर से सुप्रीम कोर्ट और देश के मुख्य न्यायाधीश पर दिए गए बयान से भाजपा ने किनारा कर लिया है। दोनों नेताओं ने वक्फ कानून पर सुप्रीम कोर्ट की चल रही सुनवाई के संदर्भ में न्यायपालिका की भूमिका पर सवाल उठाए। भारतीय जनता पार्टी ने इन बयानों से किनारा करते हुए इसे नेताओं की व्यक्तिगत राय करार दिया और ऐसी टिप्पणियों से बचने का निर्देश जारी किया।
Created On :   20 April 2025 8:00 AM IST