Breaking News: आज की बड़ी खबरें 18 फरवरी 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 19 Feb 2025 1:20 AM IST
लालू यादव का बेटा होने के कारण तेजस्वी यादव राजनेता हैं - दिलीप जायसवाल
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के लालू यादव को भारत रत्न देने वाले बयान पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तेजस्वी यादव इसलिए नेता हैं, क्योंकि वह लालू यादव के बेटे हैं।
- 19 Feb 2025 1:05 AM IST
दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम की जल्द होगी घोषणा - कुलदीप चहल
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद राष्ट्रीय राजधानी में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस बीच, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एमडीएमसी) के चेयरमैन और भाजपा नेता कुलदीप चहल की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा जल्द हो जाएगी।
- 19 Feb 2025 12:35 AM IST
ममता के महाकुंभ बयान पर भाजपा हमलावर, हिंदू की उपासना पद्धति का अपमान बताया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के महाकुंभ को 'मृत्यु कुंभ' कहने पर भाजपा हमलावर है। भाजपा सांसद समिक भट्टाचार्य ने ममता को घमंडी तो वहीं भाजपा विधायक शंकर घोष ने उनके बयान को हिंदू की उपासना पद्धति का अपमान बताया।
- 18 Feb 2025 11:27 PM IST
तेलंगाना में रमजान पर कर्मचारियों को मिलेगी एक घंटे पहले छुट्टी, भाजपा ने लगाया तुष्टिकरण का आरोप
तेलंगाना सरकार ने रमजान के दौरान मुस्लिम कर्मचारियों को एक घंटे पहले ऑफिस से निकलने की इजाजत दी है। सरकार के इस फैसले पर सियासत शुरू हो गई है। भाजपा नेता तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के अंदर सिर्फ तुष्टिकरण भरा हुआ है।
- 18 Feb 2025 10:42 PM IST
चौके के साथ जीती मुंबई इंडियंस
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स के खिलाफ मैच में 5 विकेटों से जीत दर्ज कर ली है। मुकाबले में मुंबई ने चौके के साथ जीत हासिल की।
- 18 Feb 2025 10:39 PM IST
मुस्लिम वोट बैंक लिए ममता बनर्जी ने दिया बयान
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की 'मृत्यु कुंभ' वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, "ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में मुस्लिम वोट बैंक को खुश करने के लिए ये बात कही...वह वोट बैंक की राजनीति कर रही हैं। वो खुद को हिंदू, ब्राह्मण बोल रही हैं जबकि आप तो हर साल ईद की नमाज़ में शामिल होती हैं। आप एक बार कुंभ में आकर पवित्र स्नान करके दिखाइए।"
- 18 Feb 2025 10:28 PM IST
पटना के कंकड़बाग में एनकाउंटर हुआ खत्म, पुलिस ने चार बदमाशों को किया गिरफ्तार
डिबिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना इलाके के राम लखन पथ में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने चार बदमाशों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। इसमें अपराधियों ने करीब 5 राउंड फायरिंग की थी। मिली जानकारी के मुताबिक फायरिंग होने के बाद पास के ही एक घर में बदमाश जाकर छिप गए थे। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की है।
- 18 Feb 2025 9:57 PM IST
रणवीर इलाहाबादिया मामले पर बोलीं शाइना एनसी
मशहूर यूट्यूबर एवं पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया की याचिका पर मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए शीर्ष अदालत की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि अश्लीलता की एक सीमा होती है।
- 18 Feb 2025 9:23 PM IST
गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत
गुजरात में हुए नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 नगर पालिकाओं में से 60 में पूर्ण बहुमत हासिल किया है। भाजपा के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन के बाद भगवा खेमे में जश्न का माहौल है।
- 18 Feb 2025 8:53 PM IST
महाकुंभ उत्तर प्रदेश सरकार की सफलता का परिणाम - राहुल सिंह
मध्य प्रदेश की दमोह लोकसभा सीट से भाजपा सांसद राहुल सिंह ने संगम नगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ 2025 उत्तर प्रदेश सरकार की सफलता का परिणाम है।
Created On :   18 Feb 2025 8:00 AM IST