Breaking News: आज की बड़ी खबरें 17 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें
Live Updates
- 18 March 2025 1:09 AM IST
इटली की स्पेशल ओलंपिक विंटर खेल में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी सम्मानित
इटली में हुए स्पेशल ओलंपिक विंटर खेल में भारत की तरफ से 30 खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया था। इस टूर्नामेंट में भारत ने कुल 33 मेडल जीते थे। मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सोमवार को दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में सम्मानित किया गया।
- 18 March 2025 12:37 AM IST
नागपुर की शांत भंग न होने दें, सीएम फडणवीस ने की अपील
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "नागपुर के महल इलाके में जिस तरह से स्थिति तनावपूर्ण हुई, वह बेहद निंदनीय है। कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की। यह गलत है। मैं स्थिति पर नजर रख रहा हूं। मैंने पुलिस कमिश्नर से कहा है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जो भी सख्त कदम उठाने की जरूरत है, उठाएं। अगर कोई दंगा करता है या पुलिस पर पत्थरबाजी करता है या समाज में तनाव पैदा करता है, तो ऐसे सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे नागपुर की शांति को भंग न होने दें। अगर कोई तनाव पैदा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
- 18 March 2025 12:36 AM IST
नागपुर हिंसा - पुलिस ने महल इलाके में चलाया तलाशी अभियान
नागपुर में भड़की हिंसा के बाद पुलिस ने महल इलाके में तलाशी अभियान चलाया। नागपुर के महल इलाके में दो समूहों के बीच विवाद के बाद तनाव फैल गया था।
- 18 March 2025 12:28 AM IST
नागपुर हिंसा को लेकर एक्शन में सीएम फडणवीस, नागरिकों से की ये अपील
नागपुर में सोमवार रात भड़की हिंसा को लेकर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों से अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक इस स्थिति में प्रशासन का पूरा सहयोग करें। हम लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में हैं और नागरिकों को उनका सहयोग करना चाहिए। नागपुर एक शांतिपूर्ण और सहयोग करने वाला शहर है। यह नागपुर की स्थायी परंपरा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और प्रशासन को पूरा सहयोग दें।म
- 18 March 2025 12:27 AM IST
नागपुर में हुई हिंसा, दो पक्षों के बीच हुआ जमकर विवाद
नागपुर के महल इलाके में आग लगाए गए वाहनों में धमाकों की आवाज सुनी गई। दो समूहों के बीच विवाद के बाद यहां तनाव फैल गया है।
- 17 March 2025 11:09 PM IST
चीन और भारत साझा हितों के आधार पर करें सहयोग
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने हाल में कहा कि चीन और भारत को एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना चाहिए। साथ ही, दोनों देशों के बीच संबंधों को सीमा मुद्दे से परिभाषित नहीं किया जाना चाहिए, और विशिष्ट मतभेदों को दोनों देशों के बीच संबंधों की समग्र स्थिति को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
- 17 March 2025 10:23 PM IST
यूपी सरकार की तर्ज पर दिल्ली सरकार ने गठित किया शिष्टाचार स्क्वाड
उत्तर प्रदेश की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की पहल और योजनाएं एक बार फिर विभिन्न राज्यों के लिए रोल मॉडल बनकर उभरी हैं। दिल्ली सरकार ने ईव टीजिंग और उत्पीड़न पर रोक लगाने के लिए योगी सरकार की एंटी रोमियो स्क्वायड की तर्ज पर शिष्टाचार स्क्वाड का गठन करने का फैसला लिया है। यह स्क्वाड यूपी के एंटी रोमियो स्क्वायड की तरह ही काम करेगा।
- 17 March 2025 10:17 PM IST
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए स्वस्थ मन और स्वस्थ तन बहुत आवश्यक - राज्यपाल
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में सोमवार को सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान उन्होंने कहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए स्वस्थ मन और स्वस्थ शरीर बहुत आवश्यक है। इसको ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य जागरूकता के कार्यक्रम निरंतर संचालित किए जाने चाहिए।
- 17 March 2025 9:16 PM IST
छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति का असर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जब 19 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें से 9 नक्सलियों पर 28 लाख रुपये का इनाम था। इस आत्मसमर्पण का प्रमुख कारण राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति 2025 बताई जा रही है, जो नक्सलवाद के खात्मे के लिए काम कर रही है।
- 17 March 2025 7:49 PM IST
पाकिस्तान में राजनीतिक घमासान
पाकिस्तान में एक बड़े राजनीतिक घमासान में, संघीय सरकार द्वारा गठित संयुक्त जांच दल (जेआईटी) ने इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के 16 सदस्यों को फिर से समन जारी किया। इन्हें सोशल मीडिया पर नकारात्मक प्रचार फैलाने के आरोपों पर 18 मार्च को पेश होने के लिए कहा गया।
Created On :   17 March 2025 8:04 AM IST