लोकसभा चुनाव 2024: लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदान
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और चंडीगढ़ सहित देश के 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इन सभी लोकसभा सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं।

नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और चंडीगढ़ सहित देश के 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है। इन सभी लोकसभा सीटों पर दोपहर 1 बजे तक 40.09 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं।

दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा हिमाचल प्रदेश में 48.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, सबसे कम मतदान बिहार में दर्ज हुआ, जहां दोपहर 1 बजे तक 35.65 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोटिंग की है।

अन्य राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की बात करें तो झारखंड में 46.80, पश्चिम बंगाल में 45.07, चंडीगढ़ में 40.14, उत्तर प्रदेश में 39.31, पंजाब में 37.80 और ओडिशा में 37.64 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के मतदान के तहत पंजाब की 13, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3 और चंडीगढ़ की एक लोकसभा सीट सहित 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

आखिरी दौर के इस मतदान के पूरा होने के साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग पूरी हो जाएगी। इसके बाद 4 जून को मतों की गिनती होगी। भाजपा इस बार अकेले 370 और एनडीए '400 पार' के नारे के साथ चुनाव मैदान में उतरी है। भाजपा मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को सामने रखते हुए मतदाताओं से लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनादेश मांग रही है।

वहीं, विपक्षी दलों की बात करें तो कई दल आपस में गठबंधन कर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, विपक्षी गठबंधन के सूत्रधार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाद में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन में ही शामिल हो गए।

वहीं, दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में मिलकर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़ रही है। विपक्षी गठबंधन का हिस्सा होने का दावा करने के बावजूद तृणमूल कांग्रेस की मुखिया एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य में अकेले चुनाव लड़ रही हैं।

--आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Jun 2024 8:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story