Firing: शाहीन बाग में चली गोली, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

- पुलिस ने किया गिरफ्तार
- शाहीन बाग इलाके में युवक ने चलाई गोली
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में एक युवक ने फायरिंग की है। दिल्ली पुलिस ने फायरिंग करने वाले लड़के को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले करीब डेढ़ महीने से सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है।
शाहीन बाग में गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब इसके दो दिन पहले गुरुवार को जामिया के छात्रों द्वारा निकाले जा रहे एक मार्च पर एक किशोर ने गोली चला दी थी, जिसमें जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का एक छात्र घायल हो गया था।
गोलीबारी की यह घटना शाहीन बाग में उस स्थान से चंद फर्लांग दूर पर हुई, जहां डेढ़ महीने से सीएए विरोधी धरना जारी है। शनिवार की इस घटना के बाद धरने पर बैठे लोगों में गुस्सा भड़क गया। लोगों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया, फायरिंग हवा में की गई थी। तीन गोलियां चलाई गई थीं। गोली चलाने वाला युवक पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा गांव का रहने वाला है। आरोपी का नाम कपिल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी कार से उस स्थान पर पहुंचा था, जहां ट्रैफिक रोकने के लिए पुलिस तैनात है। पुलिस ने बैरीकेट लगा रखे हैं। वहीं पर युवक उतरा और उसने हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
Created On :   1 Feb 2020 5:27 PM IST