रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह: खत्म होगा सदियों का इंतजार, जन्मभूमि अयोध्या में आज पधारेंगे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम! जानें कब होगी प्राण प्रतिष्ठा

- राममय हुई अयोध्या नगरी
- सदियों बाद आज होगा मर्यादापुरुषोत्तम श्रीराम का आगमन
- फूलों से सजी अवधपुरी
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। लगभग 500 साल के कड़े संघर्ष के बाद वो घड़ी आ गई है जब रामलला अपने भव्य महल में विराजेंगे। रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा में अब कुछ ही समय शेष बचा है। इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संत समाज और देश की नामचीन हस्तियां शामिल होंगी। इस खास मौके पर प्रभू श्रीराम की नगरी को हजारों क्वंटल सुगंधित फूलों से सजाया गया है। केवल अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरे देश में आज उत्सव का माहौल है। जगह-जगह रामभजन और मानस के पाठ का आयोजन किया जा रहा है।
राम के रंग में रंगी अयोध्या
रामलला के आगमन पर अयोध्या की गली-गली को फूलों से सजाया गया है। यहां के जन्मभूमि पथ से लेकर राम पथ, भक्ति पथ और धर्म पथ की सुन्दरता देखते ही बन रही है। घरों से लेकर चौक चौराहे तक भगवान राम के गीत गूंज रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आए लोग रामलला को गर्भगृह में विराजे हुए देखने को आतुर हैं। कहने को तो यह जनवरी का महीने का है लेकिन जिस तरह से अयोध्या नगरी सजी है, उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे दीपावली आ गई हो।
प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम मंदिर परिसर को देश विदेश आए हजारों क्वंटल फूलों से सजाया गया है। आज पूरे दिन चलने वाले सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के जगह-जगह सुंदर मंच बनाए गए हैं। देश के कोने-कोने से आए विभिन्न धर्माचार्य अवधपुरी के अलग-अलग स्थानों पर राम कथा का वाचन कर रहे हैं।
वहीं कई जगहों पर विभिन्न देशों की रामलीलाओं का मंजन किया जा रहा है। इसके साथ पूरी अयोध्या प्रभू श्रीराम की जीवनी से जुड़े विभिन्न अध्यायों पटी पड़ी है। नगर में जगह-जगह म्यूरल पेटिंग और वॉल पेंटिंग के जरिए प्रभू श्रीराम की जीवनी का चित्रण किया गया है। पवित्र नदी सरयू के घाट रंगीन रोशनी से जगमगा रहे हैं।
यह भी पढ़े -मप्र भाजपा कारसेवकों के परिवारों को कराएगी अयोध्या में रामलला के दर्शन
इतने बजे होगी प्राण प्रतिष्ठा
आज दोपहर 12 बजकर 5 मिनट से लेकर 12 बजकर 55 तक प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा। बताया जा रहा है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए 84 सेकंड का अतिसूक्ष्म मुहूर्त होगा, इसी में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह मुहूर्त 12 बजकर 29 मिनट और 8 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड पर होगा।
जानें पीएम मोदी का शेड्यूल
वहीं रामलला प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य यजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली से प्लेन के जरिए अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद 10 बजकर 55 मिनट पर वह हेलीकॉप्टर के जरिए रामजन्मभूमि परिसर पहुंचेगें। इसके बाद सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक के लिए उनका कार्यक्रम रिजर्व रहेगा।रिजर्व कार्यक्रम से मुक्त होने के बाद पीएम मोदी दोपहर 12 बजकर 5 मिनट से लेकर 12 बजकर 55 मिनट तक वो प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।
इसके बाद वो यहां से करीब 1 बजे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां पर 2 बजे तक रहने के बाद वो कुबेल टीला पहुंचकर दर्शन करेंगे। जहां से वो करीब 2 बजकर 25 मिनट पर हेलीपैड के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके बाद पीएम करीब 15 मिनट यानी 2 बजकर 40 मिनट पर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। आखिर में 3 बजकर 5 मिनट पर पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस तरह से वो करीब पौने पांच घंटे अयोध्या में रहेंगे।
Created On :   22 Jan 2024 3:07 AM IST