दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: AAP नेता रेखा रानी ने ज्वाइन की BJP, कहा - अरविंद केजरीवाल ने 10 में से एक भी गारंटी पूरी नहीं की

- दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव
- अरविंद केजरीवाल पर पूर्व पार्षद ने साधा निशाना
- दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले आम आदमी पार्टी को जोरदार झटका लगा है। आप की पार्षद रेखा रानी ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उनके साथ कई और लोग भी भगवा पार्टी में शामिल हुए हैं।
रेखा रानी ने मंगलवार को मीडिया से कहा, "मैं भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा परिवार में शामिल हुई हूं। भाजपा की नीतियों से सिर्फ मैं ही प्रभावित नहीं हूं, जिन्हें मैं जानती हूं वे भी भाजपा से प्रभावित हैं।"
अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना
आप और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह निगम पार्षद होने के बावजूद अपने क्षेत्र में काम नहीं करवा पा रही हैं। उन्हें कोई बजट नहीं मिलता है।
निगम पार्षद ने कहा कि आप के पास कोई नीति नहीं है। केजरीवाल ने जिन मुद्दों पर दिल्ली नगर निगम का चुनाव जीता था, जिन 10 गारंटियों का वादा किया था, एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। सदन ठीक से चलने नहीं दिया जिससे कमेटी का गठन नहीं हो सका। काम करने के लिए फंड नहीं मिल रहा है तो हम क्षेत्र में काम कैसे करेंगे। जनता ने हमें क्षेत्र में काम करने के लिए चुना था। हमें जनता ने चुना है और हमारी जिम्मेदारी है, उनकी सभी समस्या का समाधान भी हम निकालें।
आप सरकार के कार्यों की निंदा की
रेखा रानी ने कहा कि केजरीवाल ने नगर निगम चुनाव के दौरान कहा था कि दिल्ली को गड्ढों से मुक्त बनाएंगे, कूड़े का पहाड़ हटाएंगे, यमुना को साफ करेंगे। लेकिन, केजरीवाल के भ्रष्टाचार की पोल खुल रही है। केजरीवाल जेल गए, उनके पीछे उनके मंत्री भी गए। केजरीवाल बच्चों की कसम खाते थे। जिस वीवीआईपी कल्चर को खत्म करने के लिए वह आए थे, आज करोड़ों रुपये का "शीश महल" बनवाया। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ समझ चुकी है और दिल्ली विधानसभा चुनाव में इसका जवाब दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोटिंग होगी और 8 फरवरी को परिणाम घोषित किया जाएगा।
Created On :   21 Jan 2025 11:54 PM IST