जब बिकनी किलर ने जानबूझकर अपने आप को करवाया गिरफ्तार! कारण जानकर रह गया था हर कोई दंग
![When the bikini killer intentionally got herself arrested! Everyone was left knowing the reason When the bikini killer intentionally got herself arrested! Everyone was left knowing the reason](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2022/12/when-the-bikini-killer-intentionally-got-herself-arrested-everyone-was-left-knowing-the-reason1_730X365.jpg)
- 21 साल भारत में कैदी के रूप में रहा था शोभराज
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में बिकनी किलर के नाम से मशहूर दुनिया के विख्यात सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने रिहा करने का आदेश दिया है। वह 2003 से नेपाल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। नेपाल की अदालत ने उम्र के आधार पर शोभराज को रिहा करने का फैसला लिया है। वह फिलहाल 78 वर्ष का है और कोर्ट ने उसे 15 दिन के भीतर वापस उसके देश भेजने का भी आदेश दिया है। चार्ल्स शोभराज के पास फ्रांस की नागरिकता है। दरअसल, उसकी मां वियतनाम से थीं जबकि पिता भारतीय। उसका जन्म 6 अप्रैल 1944 को वियतनाम के साइगॉन में हुआ था चूंकि उस समय वियतनाम पर फ्रांस का कब्जा था इसलिए शोभराज के पास फ्रांस की नागरिकता मिली।
भारत में रहा 21 साल जेल में
पिछले 19 साल से नेपाल में सजा काट रहे चार्ल्स इससे पहले 21 साल भारत में कैदी के रूप में रहा था। शोभराज को 1976 में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था और उसे इस दौरान दिल्ली की तिहाड़ जेल में रखा गया था। यहीं उसने 1986 के दौरान ऐसा कांड किया था, जिसने पूरे देश को हिला के रख दिया था।
जेल से गया था भाग
बात 1986 की है, जहां चार्ल्स ने ऐसा काम किया जिसने पूरे देश के लोगों को चौंका दिया था। चार्ल्स ने सबसे पहले जेल में पुलिस जेलर से लेकर कैदियों तक सबका भरोसा जीता। इस दौरान वह बीच-बीच में सबके लिए खाना भी बनाता था। जिससे उसके साथ खाने-पीने से कोई घबराता नहीं था। इस बीच उसका बर्थडे आया और उसने सबके लिए पार्टी रखी। इस पार्टी में उसने जो मिठाई और केक बांटे थे, उसमें बेहोशी की दवा मिला दी थी। जेल के गार्ड्स को भी उसने मिठाइयां खिलाईं और बेहोश करके जेल से भाग गया। इसके बाद तिहाड़ जेल और सरकार की काफी किरकिरी हो गई थी।
हालांकि, 22 दिन बाद ही उसे गोवा के कसीनो से फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी कि शोभराज को उस वक्त किसी भी मामले में सजा नहीं हुई थी और उसे 1997 में तिहाड़ जेल से रिहा किया गया था। माना जाता है कि शोभराज चाहता था कि पुलिस उसे गिरफ्तार करे।
जानबूझकर पकड़ा गया था शोभराज
चार्ल्स शोभराज के जीवन पर एक फिल्म भी बनी है, जिसका नाम "मैं और चार्ल्स"। उसके मुताबिक, जब 1986 में चार्ल्स जेल से भागा था तब उसकी सजा अगले 8 महीनों में पूरी होने वाली थी लेकिन वह इसे 3 साल के लिए बढ़वाना चाहता था। इस कहानी की शुरुआत होती है थाईलैंड से। दरअसल, थाईलैंड में बिकनी किलर ने दो विदेशी महिलाओं का कत्ल कर दिया था, जहां थाई सरकार ने उसके खिलाफ ट्रायल के बगैर मौत का आदेश दे दिया था। जिससे पहले वह थाई पुलिस के हत्थे चढ़ता वह भारत भाग आया। थाईलैंड में अगर कोई अपराधी 20 साल तक नहीं पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ केस को बंद कर दिया जाता है और अगर चार्ल्स उस दौरान 8 महीने बाद छूट जाता तो उसे थाई सरकार उसे एक्सपोर्ट कराकर मौत के घाट उतार देती इसलिए उसने जेल से फरार होकर मौत को चकमा दिया था।
Created On :   22 Dec 2022 9:11 PM IST