दौरा: फरवरी में भारत आएंगे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट देखने जाएंगे

- 24 से 26 फरवरी के बीच भारतीय दौरे पर आ सकते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प
- गुजरात सीएम विजय रूपाणी ने बुधवार दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान दी जानकारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने फरवरी में दो दिन के भारतीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट का भी दौरा करेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है।
दिल्ली के शास्त्री नगर में बुधवार को चुनावी रैली के दौरान गुजरात सीएम ने कहा कि पूरे एशिया में साबरमती सबसे स्वच्छ नदी बन चुकी है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण संभव हुआ है। जापान और इस्राइल जैसे देशों के प्रधानमंत्रियों ने भी यहां का दौरा किया और वह इसे देखकर चकित हो गए थे।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भी फरवरी में भारत आएंगे और वह भी रिवरफ्रंट का दौरा करेंगे।" हालांकि उन्होंने तारीख के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इसी महीने की शुरुआत में सरकारी सूत्रों ने कहा था कि भारत और अमेरिका ट्रंप के भारत दौरे की तारीखों को लेकर बातचीत कर रहे हैं।
24 से 26 फरवरी के बीच आ सकते हैं ट्रम्प
बताया जा रहा है कि ट्रंप 24 से 26 फरवरी के बीच दो दिन के लिए भारत आ सकते हैं। भारत ने पिछले साल अमेरिकी राष्ट्रपति को गणतंत्र दिवस के लिए आमंत्रित किया था, लेकिन पहले से तय कार्यक्रमों की वजह से वह नहीं आए थे।
पिछले साल सितंबर में अमेरिका गए थे पीएम मोदी
22 सितंबर 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में "हाउडी मोदी" कार्यक्रम हुआ था। इस दौरान ट्रम्प और मोदी दोनों ने एनआरजी स्टेडियम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया था। यह पहला मौका था जब दोनों नेताओं ने एक साथ भारतीय समुदाय को संबोधित किया था।
Created On :   30 Jan 2020 12:20 AM IST