मोरबी में हुआ दर्दनाक हादसा, नमक फैक्टरी की दीवार ढहने से 12 की मौत, जेसीबी की मदद से निकाले गए लोग
![Traumatic accident in Morbi, 12 killed in salt factory wall collapse, people evicted from JCB Traumatic accident in Morbi, 12 killed in salt factory wall collapse, people evicted from JCB](https://d35y6w71vgvcg1.cloudfront.net/media/2022/05/traumatic-accident-in-morbi-12-killed-in-salt-factory-wall-collapse-people-evicted-from-jcb_730X365.jpg)
- पीएम मोदी एवं गृह मंत्री शाह ने हादसे पर शोक व्यक्त किया
डिजिटल डेस्क, गांधीनगर। गुजरात के मोरबी के हालवड़ इंडस्ट्रीयल एरिया में एक नमक की फैक्टरी में दिवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत हो गई। इन 12 लोगों में 5 महिलाएं भी शामिल थीं। साथ ही इस भीषण हादसे में 18 लोग घायल भी हो गए। घायलों को उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीएम मोदी एवं गृह मंत्री शाह ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है।
— ANI Digital (@ani_digital) May 18, 2022
बोरियों में नमक भरने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर सॉल्ट नाम की इस फैक्टरी में यह हादसा उस समय हुआ जब मजदूर बोरियों में नमक भर रहे थे। इस दौरान दीवाल एकदम से गिर गई। दीवार के गिरने से 12 लोग की जान मलबे में दबने से हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। दीवार के मलबे में मजदूरों के बच्चों के दबे होने की बात भी की जा रही है।
कहा जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय उनके बच्चे भी उनके साथ थे। हालांकि, इस बारे में अभी तक कंपनी की तरफ से अधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है। मलबे में दबे लोगों को जेसीबी और कटर की मद्द से बाहर निकाला गया। आशंका जताई जा रही है कि अभी और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय विधायक और अधिकारी
दोपहर करीब 12 बजे हुए इस हादसे के बाद विधायक पी.सबरिया के साथ कई अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम किया। दीवार गिरने का कारण अभी सामने नहीं आ पाया है।
केंद्र और राज्य सरकार ने की मदद की घोषणा
पीएम मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वो शोकाकुल परिवार के साथ हैं। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा मृतकों के परिवार वालों को 2-2 लाख रुपये एवं घायलो के परिवार को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
गुजरात सरकार द्वारा भी सीएम राहत कोष से मृतकों के परिवारजन को 4-4 लाख एवं घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मोरबी के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिये।
— ANI (@ANI) May 18, 2022
Created On :   18 May 2022 4:33 PM IST