महाराष्ट्र चुनाव: भाजपा ने किया 144 सीटें मिलने का दावा, मुख्यालय पर बनाए 5 हजार लड्डू

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बहुमत के आंकड़े से भी ज्यादा 212 सीटें मिलने की उम्मीद है। वहीं भाजपा ने अपने लिए 144 सीटों का आंकड़ा जोड़ा गया है। महाराष्ट्र का चुनाव कराकर लौटे भाजपा के एक राष्ट्रीय पदाधिकारी ने अपने आंतरिक सर्वे के हवाले से यहां बुधवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस-राकांपा गठबंधन कहीं टिका नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी अकेले दम पर बहुमत पाती है तो भी गठबंधन सहयोगियों को भागीदारी मिलेगी।
वहीं विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना से पहले ही महाराष्ट्र की भाजपा इकाई ने मुंबई में पार्टी मुख्यालय में जीत के जश्न की तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा के पदाधिकारियों ने मुख्यालय में 5000 "लड्डू" बनाकर तैयारी शुरू कर दी हैं। साथ में गिनती की लाइव कवरेज देखने के लिए एक विशाल स्क्रीन लगाने का आदेश दिया गया है।
भाजपा-शिवसेना को 212 सीटों की उम्मीद
भाजपा पदाधिकारी ने यहां पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि कोंकण और ठाणे में भाजपा पूरी तरह स्वीप कर रही है और पार्टी को अकेले 144 सीटें मिल सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन के सीटों की कुल संख्या 212 हो सकती है। भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा को छोड़कर राकांपा का अन्य जगह प्रभाव नहीं है।
145 सीटों पर पूर्ण बहुमत
शिवसेना को उपमुख्यमंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। शिवसेना के आदित्य ठाकरे डिप्टी सीएम होंगे या नहीं, इसको लेकर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही करेंगे। महाराष्ट्र में कुल 288 विधानसभा सीटों के नतीजे गुरुवार (24 अक्टूबर) को घोषित होंगे। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 145 सीटों का है।
भाजपा के 164 प्रत्याशी
भाजपा के चुनाव चिन्ह पर 164 प्रत्याशी लड़ रहे हैं, जिसमें 14 उम्मीदवार सहयोगी दलों के हैं। वहीं शिवसेना इस बार 124 सीटों पर लड़ रही है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग चुनाव लड़ने पर क्रमश: 122 और 63 सीटें हासिल की थीं।
सुबह 10 बजे पार्टी कार्यालय पहुंचने के आदेश
पार्टी के एक अधिकारी ने कहा कि फूल की मालाओं के लिए भी ऑर्डर दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं को गुरुवार सुबह 10 बजे से पहले पार्टी मुख्यालय पहुंचने के लिए कहा गया है।
58.95 प्रतिशत मतदान हुआ
मतदान के बाद आए एग्जिट पोल नतीजों में तमाम न्यूज चैनल और चुनाव सर्वे एजेंसियों ने भाजपा को प्रचंड बहुमत का अनुमान जताया है। प्रदेश में 21 अक्तूबर को कुल 288 सीटों के लिए मतदान हुआ था। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सोमवार को उम्मीद से कम मतदान हुआ। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चले मतदान में 58.95 फीसदी मतदान हुआ। वहीं इस साल मई में हुए लोकसभा चुनावों में राज्य में रिकॉर्ड 64.1 फीसदी वोट पड़े थे। जबकि 2014 के विधानसभा चुनावों में भी महाराष्ट्र में 63.30 फीसदी वोट पड़े थे।
Created On :   23 Oct 2019 10:38 PM IST