सांसद प्रज्ञा ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, रक्षा मंत्रालय की कमेटी में मिली जगह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भोपाल से भाजपा की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। रक्षा मंत्रालय की एक संसदीय समिति में प्रज्ञा ठाकुर को जगह मिली है। साध्वी प्रज्ञा को रक्षा मंत्रालय की कमेटी का सदस्य बनाया गया है। इस कमेटी की अगुवाई रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कर रहे हैं। इस कमेटी में कुल 21 सदस्य हैं। इनमें भोपाल से सांसद प्रज्ञा भी शामिल हैं। कमेटी में राजनाथ के अलावा फारूक अब्दुल्ला, ए.राजा, सुप्रिला सुले, मीनाक्षी लेखी, राकेश सिंह, शरद पवार, जेपी नड्डा, अनिल देसाई आदि सदस्य शामिल हैं।
मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी रही भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने लोकसभा चुनाव में मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को हराया था। बॉम्बे हाईकोर्ट ने प्रज्ञा को अप्रैल 2017 में खराब स्वास्थ्य के आधार पर जमानत दी थी। इससे पहले एनआईए ने साध्वी प्रज्ञा पर महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट के तहत आरोप दर्ज किए थे। हालांकि अदालत ने साध्वी पर मकोका के तहत लगाए गए आरोपों को खारिज कर दिया था। फिलहाल साध्वी पर गैरकानूनी गतिविधियां एक्ट के तहत कई मामलों में मुकदमा चल रहा है
इससे पहले साध्वी प्रज्ञा अपने बयान को लेकर विवादों में रही है। उन्होंने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। प्रज्ञा ने कहा था, नाथूराम गोडसे देशभक्त थे और रहेंगे। गोडसे को आतंकी कहे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा था, नाथूराम गोडसे को आतंकवादी कहने वाले लोग पहले अपने गिरेबां में झांक देखें। वहीं प्रज्ञा ने मुंबई हमले में शहीद हेमंत करकरे को लेकर भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, करकरे ने मुझे गलत तरीके से फंसाया था। मैंने उन्हें कहा था, तुम्हारा वंश खत्म हो जाएगा। वो अपने कर्मों के कारण मरे हैं। साध्वी ने आगे कहा, मैंने उसे कहा था, तेरा सर्वनाश होगा। वह मुझे भद्दी गालियां देता था। जिस दिन मैं गई उसके यहां सूतक लगा था। जब उसे आतंकियों ने मारा तब सूतक खत्म हुआ।
Created On :   21 Nov 2019 10:23 AM IST