नीति आयोग के उपाध्यक्ष पद से राजीव कुमार ने दिया इस्तीफा, डॉ सुमन के बेरी को मिली उनकी जगह

- सुमन के बेरी 1 मई से नीति आयोग के उपाध्यक्ष की संभालेंगे कमान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि राजीव कुमार कई सालों से अपने पद पर बने हुए थे। राजीव कुमार के स्थान पर अब सुमन के बेरी को नीति आयोग के उपाध्यक्ष पद की नई जिम्मेदारी दी गई है। सुमन के बेरी 1 मई से नीति आयोग के उपाध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभालेंगे। हालांकि राजीव कुमार के इस्तीफे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
— ANI (@ANI) April 22, 2022
जानें राजीव कुमार के बारे में
गौरतलब है कि साल 2014 में पहली बार सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने योजना का नाम बदलकर नीति आयोग रख दिया था। उस वक्त अरविंद पनगढ़िया आयोग के पहले उपाध्यक्ष बनाए गए थे। राजीव कुमार नीति आयोग के दूसरे उपाध्यक्ष थे। राजीव कुमार साल 2017 से सरकार के थिंक टैंक के वीसी भी हैं। मोदी सरकार में राजीव कुमार को कई जिम्मेदारियां भी मिली हैं।
राजीव कुमार लखनऊ बोर्ड ऑफ पॉलिटिक्स एंड इकोनॉमिक्स, पुणे के चांसलर और गिरी इंस्टीट्यूट ऑफ डेवलेपमेंट स्टडीज के अध्यक्ष के रूप में भी काम करते हैं। वह साल 2004-2006 तक भारतीय उद्योग परिसंघ के मुख्य अर्थशास्त्री और 2011-2013 के दौरान फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महासचिव का भी कार्यभार संभाल चुके हैं।
उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक के केंद्रीय बोर्ड में दो कार्यकाल और भारतीय रिजर्व बैंक के केंद्रीय बोर्ड में काम किया है। राजीव कुमार का नाम तेजर्रार अधिकारियों में शुमार थे। राजीव कुमार के अनुभवों के आधार पर ही उन्हें मोदी सरकार में नीति आयोग में उपाध्यक्ष का दायित्व दिया गया था।
कौन हैं सुमन बेरी
नीति आयोग के नए उपाध्यक्ष डॉ सुमन बेरी एक जाने माने अर्थशास्त्री हैं। सुमन बेरी वर्ल्ड बैंक के चीफ इकोनॉमिस्ट रह चुके हैं। सुमन बेरी नई दिल्ली स्थित नेशनल काउंसिल ऑफ अप्लायड इकोनॉमिक रिसर्च के 2001 से 2011 तक पूर्व डायरेक्टर जनरल भी रह चुके हैं। सुमन बेरी वर्तमान में बेल्जियम की राजधानी ब्रूसेल्स में एक इकनॉमिक थिंकटैंक के नॉन रेजिडेंट फेलो के पद पर कार्यरत है।
उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रैजुएशन और प्रिंसंटन यूनिवर्सिटी से मास्टर की डिग्री ली है। गौरतलब है कि अर्थशास्त्री डॉ सुमन बेरी ने अपने करियर की शुरुआत वर्ल्ड बैंक के साथ की थी। जहां उन्होंने करीब 28 साल तक सेवाएं दी और उसके चीफ इकोनॉमिस्ट बने।
Created On :   22 April 2022 11:34 PM IST