अब ठंड की वजह से इन राज्यों में चलेगी शीतलहर और छाया रहेगा घना कोहरा, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने के आसार, जानिए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का कैसा रहेगा हाल?

- जानें राज्यों के मौसम के हाल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में साल के पहले दिन धूप खिली हुई थी, लेकिन आने वाले हफ्ते में इन राज्यों में कड़ाके की ठंड, घने कोहरे के अलावा शीतलहर चलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और चंडीगढ़ में आज और कल शीतलहर चलने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि हिमालय से आने वाली उत्तर-पश्चिम हवाओं की वजह से अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिमी और आस पास के मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सिल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। यही नहीं आज उत्तरी राजस्थान के कई इलाकों में भीषण शीतलहर चलने के आसार है।
दिल्ली में इस हफ्ते कैसा रहेगा मौसम?
आज दिल्ली का न्यूनतम पारा 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आने वाले एक हफ्ते तक दिल्लीवासियों को ठंड से राहत मिलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे हैं। यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले एक हफ्ते तक शीतलहर और घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
जानें राज्यों के मौसम के हाल
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक मध्य प्रदेश, ओडिशा, असम, हिमाचल प्रदेश और त्रिपुरा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना हैं। वहीं, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में आज शीतलहर चलने के आसार है।
आज इन शहरों में यह रही विजिबिलिटी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानि 2 जनवरी सुबह 5.30 मिनट पर गोरखपुर ग्वालियर और आगरा में विजिबिलिटी जीरो रिकॉर्ड की गई। वहीं पटना, भागलपुर, अमृतसहर, अंबाला, पटियाला, हिसार में दृश्यता 25 मीटर दर्ज की गई। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल, सागर, जबलपुर समेत कई जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई।
छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल
छत्तीसगढ़ के मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अब ठंड बढ़ने के आसार है। सोमवार को संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तरी दिशा से सर्द हवा चलने की वजह से मौसम में अचानक बदलाव देखा जा सकता है। जिसकी वजह से छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ सकती है।
Created On :   2 Jan 2023 2:55 PM IST