उद्धव ठाकरे के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली नवनीत राणा को मिलने वाली है खुशखबरी! एकनाथ शिंदे सरकार में पति को मिलेगा मंत्री पद!

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति के लिए नवनीत राणा का नाम नया नहीं रह गया है। राणा पिछले दिनों काफी सुर्खियां बटोर चुकी हैं। निर्दलीय सांसद नवनीत राणा ने महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को खुलकर चुनौती दी थी। जिसके बाद उन्हें और उनके विधायक पति रवि राणा को गिरफ्तार भी किया गया था। लेकिन अब नवनीत राणा के दिन फिरने के आसार हैं। खबर है कि कल (शुक्रवार) को होने वाले कैबिनेट विस्तार में उन्हें भी जगह मिल सकती है। ये इनाम इसलिए भी मिलेगा क्योंकि रवि राणा ने भी एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस की सरकार को अपना समर्थन दिया है।
हनुमान चालीसा विवाद के बाद सुर्खियों में आईं
अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति विधायक रवि राणा हनुमान चालीसा विवाद के बाद सुर्खियों में आए थे। दोनों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास "मातोश्री" के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान किया था। शिवसैनिकों के भारी विरोध के बाद उन्होंने इस पाठ को पढ़ने का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। संजय राउत ने भी उस वक्त नवनीत राणा पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया था।
हो चुकी थी गिरफ्तारी
इस ऐलान के बाद मुंबई पुलिस ने शनिवार 23 अप्रैल को दोनों ही नेताओं को गिरफ्तार किया था। मुंबई पुलिस ने विधायक रवि राणा और सांसद नवनीत कौर राणा के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में धारा 153 (A), 34, IPC r/w 37(1) 135 बॉम्बे पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।
हालांकि इसके बावजूद राणा परिवार ने उद्धव ठाकरे पर हमले करना बंद नहीं किया था। अपने आरोप में नवनीत कौर ने कहा था कि शिवसेना कार्यकर्ता हमें लगातार परेशान कर रहे हैं। जबकि उनके पति रवि राणा ने कहा कि उद्धव ठाकरे केवल राजनीतिक लाभ चाहते हैं।
Created On :   4 Aug 2022 1:10 PM IST