देश से भागने की फिराक में था आतंकी जलीस अंसारी, यूपी पुलिस ने कानपुर से पकड़ा

- आतंकी डॉ. जलीस अंसारी गुरुवार सुबह मुंबई से लापता हो गया था
- देशभर में 50 से ज्यादा सीरियल बॉम्ब ब्लास्ट के मामलों में दोषी है अंसारी
डिजिटल डेस्क, कानपुर। मुंबई से लापता हुए आतंकी डॉ. जलीस अंसारी को उत्तरप्रदेश पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी उत्तरप्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने दी। देशभर में 50 से ज्यादा सीरियल बॉम्ब ब्लास्ट के मामलों में दोषी और सजायाफ्ता डॉ. जलीस अंसारी गुरुवार सुबह मुंबई से लापता हो गया था। अंसारी के गायब होने की मुंबई के अग्रीपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है।
यूपी डीजीपी ने कहा कि जलीस अंसारी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे लखनऊ लाया जा रहा है। उन्होंने इसे उत्तरप्रदेश पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने बताया कि कानपुर की एक मस्जिद से जब अंसारी एक बच्चे की अंगुली पकड़ कर निकल रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि वह देश से भागने की फिराक में था। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
पिछले महीने जमानत पर आया था बाहर
बता दें कि आतंकी जलीस अंसारी को अजमेर बम धमाका मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह 1993 में मुंबई के सीरीयल बम धमाकों के आरोपियों में भी शामिल है। अंसारी अजमेर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और वह पिछले महीने जमानत पर बाहर आया था। उसकी जमानत की अवधि गुरुवार तक की थी। उसे शुक्रवार को वापस अजमेर जेल पहुंचना था, लेकिन उससे पहले गुरुवार सुबह वह फरार हो गया था।
अमोनियम नाइट्रेट से बम बनाने में माहिर है अंसारी
डॉक्टर जलीस अंसारी मूल रूप से संतकबीर नगर का रहने वाला है। उसे अमोनियम नाइट्रेट से बम बनाने का माहिर माना जाता है। इसलिए इसे "डॉक्टर बम" के नाम से भी बुलाते थे। उस पर 50 से ज्यादा सीरियल बम धमाके करने का भी आरोप है। वह 1993 के मुंबई के ब्लास्ट में भी शामिल था।
Created On :   17 Jan 2020 5:07 PM IST