जामिया: प्रियंका ने कहा- भाजपा नेता उकसाएंगे तो ऐसा ही होगा, शाह बोले- कड़ी कार्रवाई करेंगे, ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं

- जामिया की घटना के बाद विपक्षी पार्टियों के निशाने पर केंद्र सरकार
- प्रियंका गांधी ने भाजपा नेताओं के भड़काऊ बयान को जिम्मेदार बताया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के जामिया क्षेत्र में फायरिंग की घटना पर राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर विपक्षी पार्टियां सरकार को घेर रहीं हैं। इस घटना के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएंगे और भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है। प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं? वहीं इस घटना के बाद गृहमंत्री, अमित शाह ने कहा है कि आज मैंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है, कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्र सरकार ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं करेगी, इसे गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) के विरोध में गुरुवार को दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से राजघाट तक मार्च किया जाना था, लेकिन इससे पहले एक छात्र ने दोपहर में वहां पहुंचकर फायरिंग कर दी। इस घटना में एक छात्र घायल हो गया। हमलावर नाबालिग बताया जा रहा है। वहीं, घायल छात्र की पहचान शादाब के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि वह जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी में मास कम्युनिकेशन का छात्र है।
दिल्ली की कानून व्यवस्था को सम्भालिए: केजरीवाल
अमित शाह के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये दिल्ली में क्या हो रहा है? दिल्ली की कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। कृपया दिल्ली की कानून व्यवस्था को सम्भालिए।
यंका गांधी के दो सवाल
प्रियंका गांधी ने जामिया में फायरिंग की घटना के बाद पीएम मोदी से दो सवाल पूछे हैं। उन्होंने पहले सवाल में मोदी से कहा कि वे हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ? वहीं उन्होंने दूसरे सवाल में पूछा कि वे विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ?
कपड़ों से करें पहचान: ओवैसी
जामिया फायरिंग की घटना पर एआईएमआईएम अध्यक्ष और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पर हमला किया। ओवैसी ने ट्वीट किया कहा कि, अनुराग ठाकुर और सभी राष्ट्रवादियों का शुक्रिया, जिन्होंने इतनी नफरत बोई कि एक आतंकवादी एक छात्र को गोली मारता है, जबकि पुलिस देखती है। अब पीएमओ इंडिया कपड़ों से उसकी पहचान करें।
कोई भी कानून और देश से बड़ा नहीं: किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने जामिया इलाके में हुई फायरिंग घटना पर कहा कि कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति पर कार्रवाई की जानी चाहिए। जो कोई भी ऐसा करता है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कोई भी कानून से बड़ा या देश से बड़ा नहीं होता।
भड़काऊ बयानों का परिणाम: डी राजा
सीपीआई के महासचिव डी राजा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में फायरिंग की घटना दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार करते समय भाजपा नेताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणियों का "प्रत्यक्ष परिणाम" है।
बॉलीवुड ने साधा निशाना:
सरकार और भाजपा पैदा कर रही है आतंकवाद: अनुराग कश्यप
डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने भी सोशल मीडिया पर तीखा बयान देते हुए पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को घेरा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि- ये सरकार साफ-साफ कह रही है कि जय श्रीराम और भारत माता की जय बोलकर, हिंदुत्व के नाम पर जो चाहे करो, मारो, काटो, हम कुछ नहीं होने देंगे। अब भी शक है कि सरकार और भारतीय जनता पार्टी ही आतंकवाद पैदा कर रहे हैं?
कुछ भी हैरान करने वाला नहीं है, ये तो होना ही था: स्वरा भास्कर
स्वरा भास्कर ने इस हमले के बारे में कहा कि साल 2014 में जिस सरकार को देश ने चुना था, उसके बाद देश में ऐसे ही हालात पैदा होने थे। स्वरा ने ट्वीट करते हुए लिखा- इस बारे में कुछ भी हैरान करने वाला नहीं है। साल 2014 में हमने जिन्हें चुना है उसका लॉजिकल रास्ता यही है। संघ की आप कोई भी विचारधारा उठा कर पढ़ लीजिए- उन्हें वोट देने के बाद हमें ऐसी ही स्थिति में ही आना था।
Created On :   30 Jan 2020 7:29 PM IST